सीएक्यूएम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ की पालना सुनिश्चित करें पेट्रोल पंप संचालक : डीसी

सीएक्यूएम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ की पालना सुनिश्चित करें पेट्रोल पंप संचालक : डीसी
 

**डीसी ने पेट्रोल पंप संचालकों, ऑयल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक

वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र के बिना वाहनों को ईंधन न देने के नियम की पालना पर रहेगा प्रशासन का विशेष जोर**

फरीदाबाद, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) द्वारा जारी दिशा-निर्देश संख्या 101 के तहत ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ नियम की पालना सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों, पेट्रोल पंप संचालकों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि सभी पेट्रोल पंप संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर प्रमुख स्थानों पर जागरूकता संबंधी बैनर लगवाएं, ताकि वाहन चालकों को वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) की अनिवार्यता के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों की पालना की नियमित निगरानी की जाए और पेट्रोल पंपों पर स्थापित प्रदूषण जांच केंद्रों से जारी होने वाले पीयूसीसी प्रमाणपत्रों की दैनिक रिपोर्ट प्राप्त की जाए।

उन्होंने कहा कि वैध पीयूसीसी प्रमाणपत्रों की जांच के लिए ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) प्रणाली लागू करने के विषय पर भी विचार किया जा रहा है। इस प्रणाली की स्थापना होने तक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिले में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की जाए तथा वैध पीयूसीसी प्रमाणपत्र नहीं होने पर नियमानुसार चालान किए जाएं। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पेट्रोल पंप संचालक प्रशासन का सहयोग सुनिश्चित करें।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने आमजन से भी अपील की कि वे अपने वाहनों का प्रदूषण स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें और वैध पीयूसीसी प्रमाणपत्र अवश्य बनवाएं। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles