Faridabad News: नागरिक अस्पताल में नाइजीरियाई महिला ने दिया बच्चे को जन्म, भारतीय स्वास्थ्य सेवाओं और इलाज की व्यवस्था की सराहना की

जहां एक ओर लोग बेहतर इलाज और बच्चों के जन्म के लिए विदेशी अस्पतालों और डॉक्टरों का रुख करते हैं, वहीं दूसरी ओर नाइजीरिया की रहने वाली जस्टिना ने शुक्रवार को फरीदाबाद के जिला नागरिक अस्पताल (बीके अस्पताल) में सिजेरियन डिलीवरी के जरिए अपने बच्चे को जन्म दिया।
 

<strong>फरीदाबाद।</strong> जहां एक ओर लोग बेहतर इलाज और बच्चों के जन्म के लिए विदेशी अस्पतालों और डॉक्टरों का रुख करते हैं, वहीं दूसरी ओर नाइजीरिया की रहने वाली जस्टिना ने शुक्रवार को फरीदाबाद के जिला नागरिक अस्पताल (बीके अस्पताल) में सिजेरियन डिलीवरी के जरिए अपने बच्चे को जन्म दिया।

जस्टिना के पति फेवोरो ने अस्पताल में मिली स्वास्थ्य सुविधाओं और डॉक्टरों के व्यवहार पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि फरीदाबाद के नागरिक अस्पताल की सेवाएं किसी भी बड़े कॉरपोरेट अस्पताल से कम नहीं हैं। फेवोरो पिछले पांच वर्षों से बिजनेस वीजा पर ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-89 में रह रहे हैं।

<strong>बीके अस्पताल की व्यवस्था से हुए प्रभावित</strong>

फेवोरो और जस्टिना का एक बड़ा बेटा भी है। कुछ समय पहले वे अपने बेटे के टीकाकरण (Vaccination) के लिए जिला नागरिक अस्पताल आए थे। वहां की साफ-सुथरी व्यवस्था, बेहतर इंतजाम और डॉक्टरों के सेवाभाव से प्रभावित होकर उन्होंने अपनी पत्नी के प्रसव (Delivery) के लिए इसी अस्पताल को चुना। गर्भावस्था के दौरान भी जस्टिना का नियमित चेकअप यहीं कराया गया।

<strong>डॉक्टरों की टीम ने सुरक्षित कराई डिलीवरी</strong>

नागरिक अस्पताल की वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजरी, डॉ. उर्वशी, डॉ. नवीन और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रेनू की टीम ने जस्टिना का सफल सिजेरियन ऑपरेशन किया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। डॉ. मंजरी ने बताया कि अस्पताल में अब जटिल और गंभीर मामलों में भी सिजेरियन डिलीवरी की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

"हमारे अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (Mother & Child Care) के लिए लगातार बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। भर्ती होने वाली महिलाओं के लिए 24 घंटे स्त्री रोग विशेषज्ञ तैनात रहते हैं और जरूरत पड़ने पर निश्शुल्क ब्लड (मुफ्त रक्त) भी उपलब्ध कराया जाता है।"

<strong>— डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO)</strong>

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles