रिश्वतखोरी मामले में नगर परिषद पलवल के लिपिक व भवन निरीक्षक के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश
लिपिक सुनील कुमार पर रिपोर्ट तैयार करने की एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप।
ब्यूरो की टीम ने 10 अप्रैल 2026 को आरोपी सुनील कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों किया था गिरफ्तार।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत चालान पेश।
फरीदाबाद,
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए नगर परिषद पलवल में तैनात लिपिक सुनील कुमार तथा भवन निरीक्षक दलजीत सिंह के खिलाफ आज न्यायालय में चालान (चार्जशीट) पेश किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 13(1)(बी) सहपठित धारा 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत माननीय श्री प्रतीक जैन, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, पलवल की अदालत में चालान पेश किया गया।
मामले की पृष्ठभूमि एवं रिश्वत मांगने के आरोप
प्राप्त शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी हिस्सेदारी में आई दादालाई संपत्ति बेच दी थी, जिसके एवज में उसे लगभग 9 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इस राशि के संबंध में आयकर विभाग से नोटिस प्राप्त होने के बाद शिकायतकर्ता को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए नगर परिषद पलवल से रिपोर्ट प्राप्त करनी थी कि संबंधित जमीन नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में आती है या नहीं।
इस संबंध में शिकायतकर्ता नगर परिषद पलवल के भवन निरीक्षक दलजीत सिंह से मिला। आरोप है कि भवन निरीक्षक ने उसे इस कार्य के लिए लिपिक सुनील कुमार से संपर्क करने को कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सुनील कुमार से संपर्क किया, लेकिन वह पहले टाल-मटोल करता रहा। शिकायत के अनुसार, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को संबंधित रिपोर्ट तैयार करने की एवज में सुनील कुमार ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
ब्यूरो की कार्रवाई में रिश्वत राशि बरामद
शिकायत के आधार पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उपकेंद्र पलवल की टीम ने 10 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुमार को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा और रिश्वत की राशि बरामद की। इसके बाद आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच के दौरान नगर परिषद पलवल के भवन निरीक्षक दलजीत सिंह की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका के संबंध में पारित आदेशों की अनुपालना करते हुए दलजीत सिंह के विरुद्ध नियमानुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में अभियोग संख्या 07, दिनांक 10 अप्रैल 2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया था। अब मामले की जांच के उपरांत दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत माननीय न्यायालय में चालान पेश कर दिया गया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत ब्यूरो को सतर्क हरियाणा ऐप के माध्यम से दें। भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
