एफएमजीई परीक्षा के मद्देनजर 31 अक्तूबर को परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू: डीसी आयुष सिन्हा

एफएमजीई परीक्षा के मद्देनजर 31 अक्तूबर को परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू: डीसी आयुष सिन्हा
 

<strong>हथियार लेकर चलने व चार या अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर रहेगा प्रतिबंध</strong>

फरीदाबाद,

जिला मजिस्ट्रेट आयुष सिन्हा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए 31 अक्तूबर 2026 को फरीदाबाद जिले में आयोजित होने वाली फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई)-2026 के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों एवं स्ट्रांग रूम के 200 मीटर के दायरे में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रतिबंध लागू किए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार, 31 अक्तूबर को परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने तक परीक्षा केंद्रों एवं स्ट्रांग रूम के 200 मीटर के दायरे में चार या अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त, इस क्षेत्र में आग्नेयास्त्र, तलवार, बरछा, चाकू, खुखरी, जेली, भाला, लाठी, साइकिल की चेन अथवा हथियार के रूप में इस्तेमाल की जा सकने वाली अन्य वस्तुएं लेकर चलने पर भी रोक रहेगी। हालांकि, सिख समुदाय के सदस्यों द्वारा वास्तविक धार्मिक प्रतीक के रूप में धारण की जाने वाली म्यानयुक्त कृपाण को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

जिला मजिस्ट्रेट ने आदेशों में यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों की निर्धारित सीमा में स्थित सभी फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर 31 अक्तूबर को परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने तक बंद रहेंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों के परिसर अथवा उनकी चारदीवारी के भीतर मोबाइल फोन, पेजर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं संचार उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

यह आदेश ड्यूटी पर तैनात परीक्षार्थियों, पुलिस कर्मियों तथा अन्य सरकारी कर्मचारियों पर लागू नहीं होंगे। जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 तथा अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा जारी ये आदेश परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles