सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव करनेरा में आयोजित हुआ सेवा सेतु कैंप
<strong>26 विभागों के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की दी जानकारी</strong>
फरीदाबाद,
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिला प्रशासन द्वारा आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिले में सेवा सेतु कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बल्लभगढ़ खंड के गांव करनेरा में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिक संसाधन सूचना विभाग (CRID), जिला समाज कल्याण विभाग, बिजली विभाग सहित 26 अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और ग्रामीणों को परिवार पहचान पत्र, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी सेवाओं तथा बिजली संबंधी सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सेवा सेतु कैंपों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन के घर-द्वार तक पहुंचाना तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी और सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि इन कैंपों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने, सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनाने तथा पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान और सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
