लोकतंत्र बचाओ महायज्ञ में बेरी हलके की उल्लेखनीय भागीदारी : विक्रम कादयान

लोकतंत्र बचाओ महायज्ञ में बेरी हलके की उल्लेखनीय भागीदारी : विक्रम कादयान
 

दिल्ली में हरियाणा की हाजिरी निर्णायक होगी, हरियाणा में सबसे अधिक जनभागीदारी पुराने रोहतक से होगी : विक्रम कादयान

कार्यकर्ताओं के विशाल काफिले को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली महारैली के लिए किया रवाना

बहादुरगढ़।

राहुल गांधी के नेतृत्व, पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मार्गदर्शन तथा पूर्व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सक्रिय भूमिका में लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत दिल्ली में आयोजित महारैली में बेरी हलके सहित पूरे पुराने रोहतक क्षेत्र से बड़ी संख्या में जनमानस अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। दिल्ली में हरियाणा की उपस्थिति निर्णायक होगी और हरियाणा से सबसे अधिक जनभागीदारी पुराने रोहतक क्षेत्र की रहेगी। यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विक्रम कादयान ने बहादुरगढ़ स्थित पीडीएम यूनिवर्सिटी के पास बाईपास पर बेरी हलके से दिल्ली महारैली के लिए रवाना हो रहे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

विक्रम कादयान ने कहा कि बेरी हलके के कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर विशेष उत्साह है। कार्यकर्ताओं के वाहनों का यह विशाल काफिला लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर क्षेत्र की जनता की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र सिंह हुड्डा के मार्गदर्शन में पुराने रोहतक के कार्यकर्ता हमेशा जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली में एसआईआर के नाम पर मतदाताओं को उनके वोट के अधिकार से वंचित किए जाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के कारण 15.3 करोड़ लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

कादयान ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा चौधरी रणबीर सिंह जैसी महान विभूतियों ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे नेताओं के नेतृत्व में लाखों लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेकर लोकतांत्रिक भारत की नींव रखी थी।

उन्होंने कहा कि आज संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने का आह्वान किया।

विक्रम कादयान ने भारी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा दिल्ली महारैली के लिए वाहनों के विशाल काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles