फतेहाबाद में पटाखों पर प्रतिबंध: ग्रीन पटाखों के लिए तय समय

फतेहाबाद में पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। ग्रीन पटाखे केवल तय समय पर जल सकेंगे। नियम तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई होगी।

पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध, केवल ग्रीन पटाखों को निर्धारित समय पर जलाने की अनुमति -दीपावली पर रात 8 से 10 बजे तक ही कर सकेंगे ग्रीन पटाखों का प्रयोग -क्रिसमस और नववर्ष पर रात 11:55 से 12:30 बजे तक होगी आतिशबाजी की अनुमति -ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी पटाखों की बिक्री और डिलीवरी पर रोक <strong></strong>फतेहाबाद, 2<strong></strong> नवंबर। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल को लेकर निर्देश जारी किए हैं। जिलाधीश डॉ. विवेक भारती ने बताया कि पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राज्य के गैर-एनसीआर क्षेत्रों में भी पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसमें ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से पटाखों की डिलीवरी और बिक्री भी शामिल है। जारी निर्देशों के तहत संयुक्त पटाखों (सीरीज क्रैकर्स अथवा लड़ी) और सभी प्रकार के पटाखों पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, ग्रीन पटाखों को निर्धारित शर्तों और समय सीमा के अनुसार जलाने की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त आतिशबाजी में बेरियम साल्ट के इस्तेमाल पर भी पूरे वर्ष प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि दीपावली तथा गुरुपर्व व अन्य त्योहारों पर ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति केवल रात 8 बजे से 10 बजे तक होगी। इसी प्रकार क्रिसमस की पूर्व संध्या और नववर्ष की पूर्व संध्या पर रात 11 बजकर 55 मिनट से 12 बजकर 30 मिनट तक ही ग्रीन पटाखे जलाए जा सकेंगे। जिलाधीश डा. विवेक भारती ने कहा कि वायु प्रदूषण का बच्चों, बुजुर्गों तथा पहले से सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। पटाखों से निकलने वाले धातु कण, जहरीले रसायन और हानिकारक गैसें वायु गुणवत्ता को और खराब करती हैं। इससे पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषक तत्वों का स्तर बढ़ता है। उन्होंने इन निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जिलाधीश ने पुलिस विभाग, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों तथा प्रशासन के अन्य अधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में प्रतिबंध के संबंध में आमजन को जागरूक करने और आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए। जिलाधीश ने आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण और जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिबंधित पटाखों का इस्तेमाल न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About the Author