जाखल में कांग्रेस का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

जाखल मंडी में कांग्रेस ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। एसआईआर और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर उठाए सवाल।
 

जाखल में कांग्रेस ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला, बाजार में निकाला रोष मार्च

वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के तहत किया प्रदर्शन, चुनाव आयोग पर लगाए मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप; विधायक परमवीर सिंह सहित कई नेता रहे मौजूद

जाखल24 अक्टूबर योगेश खनेजा 

कांग्रेस के देशव्यापी 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के तहत शनिवार को फतेहाबाद के जाखल मंडी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने अग्रवाल धर्मशाला से विरोध मार्च शुरू किया, जो शहर के मुख्य बाजारों से होता हुआ सुभाष चौक पर पहुंचा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में टोहाना के विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री परमवीर सिंह, कांग्रेस की फतेहाबाद जिला प्रभारी सुधा भारद्वाज, जाखल ब्लॉक अध्यक्ष अंग्रेज सिंह, पुनीत बंसल, राजकुमार शर्मा, जतिंदर शर्मा, अश्वनी कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और इसकी निष्पक्षता बनाए रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों के चलते पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है और उनके इस्तीफे की मांग उठा रही है। 

गौरतलब है कि कांग्रेस ने अक्टूबर में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' नाम से देशव्यापी अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिला और ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन, पदयात्राएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए हैं। विधायक ने कहा की एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। वहीं, चुनाव आयोग ने अपनी चुनावी प्रक्रिया का बचाव किया है और कांग्रेस के आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है। जाखल में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा नहीं होती, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज करवाया।

About the Author

योगेश खनेजा
योगेश खनेजा

9447 Articles