जाखल नशामुक्ति शिविर: 10 पीड़ितों को मिला उपचार, आगे क्या?

फतेहाबाद पुलिस के ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जाखल में 10 नशा पीड़ितों की काउंसलिंग हुई। उपनिरीक्षक सुंदर लाल की टीम ने आयुष विभाग संग कैसे दी मदद? जानिए।
 

ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जाखल में नशामुक्ति शिविर आयोजित, 10 नशा पीड़ितों की काउंसलिंग

 सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग के सहयोग से लगाया शिविर, 1 नए सहित पूर्व में चिन्हित 9 नशा पीड़ितों को उपलब्ध करवाई आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां 

जाखल/13अक्टूबर 2026योगेश खनेजा 

फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशे की गिरफ्त में आ चुके व्यक्तियों को उपचार, काउंसलिंग एवं जागरूकता के माध्यम से नशामुक्त जीवन की ओर अग्रसर करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत उपनिरीक्षक सुंदर लाल के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस की नशामुक्ति टीम ने आयुष विभाग के सहयोग से जाखल में विशेष नशामुक्ति शिविर का आयोजन किया।

        शिविर में 1 नए नशा पीड़ित के अलावा पूर्व में चिन्हित 9 नशा पीड़ित पहुंचे। इस दौरान कुल 10 नशा पीड़ितों की काउंसलिंग की गई तथा उन्हें आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। नशामुक्ति टीम द्वारा पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा गया तथा उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें नियमित उपचार जारी रखने, चिकित्सकीय सलाह का पालन करने तथा नशे से पूरी तरह दूरी बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

         नशामुक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक सुंदर लाल ने बताया कि ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जिलेभर में लगातार नशामुक्ति शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उचित उपचार एवं काउंसलिंग से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि पहले से चिन्हित नशा पीड़ितों के स्वास्थ्य एवं उपचार की प्रगति की जानकारी लेकर उन्हें नियमित रूप से नशामुक्ति कार्यक्रम से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

  फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को उपेक्षित करने के बजाय उन्हें उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करें। नशामुक्त समाज के निर्माण में परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने और जागरूक करने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

About the Author

योगेश खनेजा
योगेश खनेजा

9447 Articles