जाखल वार्ड 9 में बस्ती के बीच सड़क पर बना मौत का गड्ढा, नगर पालिका को बड़े हादसे का इंतजार
जाखल वार्ड 9 में सड़क पर गहरा गड्ढा, कब जागेगा प्रशासन?
जाखल की बाजीगर बस्ती के वार्ड नंबर 9 में गहरा गड्ढा बना खतरा, छोटे बच्चों और पशुओं की आवाजाही से हर समय हादसे का डर
जाखल 26अक्तूबर योगेश खनेजा
शहर की बाजीगर बस्ती के वार्ड नंबर 9 में सड़क के बीचोंबीच बना गहरा गड्ढा नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। बस्ती के रिहायशी इलाके में मौजूद यह गड्ढा अब लोगों के लिए खतरे का कारण बन चुका है। हालात ऐसे हैं कि सड़क से गुजरते समय जरा सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से इसे भरवाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर रोष है और उन्हें डर है कि कहीं प्रशासन की अनदेखी किसी मासूम की जान पर भारी न पड़ जाए। स्थानीय निवासी कृष्णा देवी और पूर्व वार्ड मेंबर राजपाल ने बताया कि सड़क के बीच बना गड्ढा काफी गहरा हो चुका है। बस्ती में छोटे बच्चों की आवाजाही लगातार बनी रहती है और पशु भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में गड्ढे के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि रात के समय या जल्दबाजी में गुजरने वाले किसी व्यक्ति को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाया तो गंभीर हादसा हो सकता है। बावजूद इसके नगर पालिका प्रशासन की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
हादसा हुआ तो जिम्मेदार होगा प्रशासन
कृष्णा देवी और राजपाल ने कहा कि बस्ती के बीच सड़क पर इतना गहरा गड्ढा होना बेहद चिंताजनक है। क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस गड्ढे के कारण किसी बच्चे, बुजुर्ग या पशु के साथ कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। लोगों ने मांग की कि गड्ढे को जल्द से जल्द भरवाकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि बस्ती के निवासियों को रोजाना के खतरे से छुटकारा मिल सके।
इस मामले को लेकर जाखल नगर पालिका सचिव प्रवीन कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा की आपके माध्यम से मामला संज्ञान में आया है ,मामले को लेकर तुरंत कार्यवाही करते हुए आदेश दे दिए गए है जल्द ही गद्दे को भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा
