जाखल के युवक ने लौटाया 40 हजार का मोबाइल, पेश की मिसाल
मणिमहेश यात्रा से लौटते समय मिला करीब 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन असली मालिक तक पहुंचाया, पेश की ईमानदारी की मिसाल
<strong>एक महीने तक फोन मालिक की तलाश करता रहा युवक, डाक विभाग के कर्मचारी के सहयोग से जाखल रेलवे स्टेशन पर सौंपा मोबाइल</strong>
<strong>जाखल, 11 नवंबर योगेश खनेजा।</strong>
आज के दौर में जहां लोग दूसरों की खोई हुई वस्तुओं पर अपना अधिकार समझने लगते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो ईमानदारी और इंसानियत की मिसाल पेश कर समाज को नई प्रेरणा देते हैं। ऐसा ही एक सराहनीय उदाहरण जाखल मंडी के एक युवक ने पेश किया, जिसने मणिमहेश यात्रा से लौटते समय सड़क किनारे मिला करीब 40 हजार रुपये कीमत का महंगा मोबाइल फोन उसके असली मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, युवक 9 सितंबर 2026 को अपने करीब 10-12 साथियों के साथ जाखल मंडी से मणिमहेश में भोलेनाथ के दर्शन करने गया था। यात्रा से वापस लौटते समय रात के दौरान उसे सड़क किनारे एक महंगा मोबाइल फोन पड़ा मिला। युवक ने फोन अपने पास रखने की बजाय उसके असली मालिक की तलाश शुरू कर दी। उसने मोबाइल की सिम अपने फोन में डालकर संपर्क करने का प्रयास किया और व्हाट्सऐप के माध्यम से भी लगातार संदेश भेजकर फोन सुरक्षित होने की जानकारी दी।
करीब एक महीने की कोशिशों के बाद आखिरकार फोन के मालिक से संपर्क हो पाया। मोबाइल का मालिक जम्मू-कश्मीर के कठुआ का रहने वाला है और माता वैष्णो देवी के पास ढाबा चलाता है। फोन की पहचान होने के बाद युवक ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका मोबाइल पूरी तरह सुरक्षित है और उसे वापस पहुंचा दिया जाएगा।
युवक ने कई बार कोरियर और स्पीड पोस्ट के माध्यम से मोबाइल भेजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार कठुआ में डाक विभाग में कार्यरत एक युवक के सहयोग से 10 नवंबर की रात करीब 12 बजे जाखल रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फोन उसे सौंप दिया गया। इसके बाद 11 नवंबर को करीब 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन उसके असली मालिक तक पहुंच गया।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर मालिक ने युवक का दिल से आभार व्यक्त किया। युवक ने बताया कि किसी की खोई हुई वस्तु उसे वापस मिलने पर उसके चेहरे पर आई खुशी देखकर उसे जो आत्मसंतोष मिला, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।
युवक ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा के संत गुरमीत राम रहीम सिंह जी की प्रेरणा से उसे हमेशा यही सीख मिली है कि किसी जरूरतमंद या सही हकदार व्यक्ति तक उसकी वस्तु पहुंचाना ही सच्ची इंसानियत है। इसी प्रेरणा के चलते वह किसी को भी मिली हुई वस्तु उसके असली मालिक तक पहुंचाना अपना नैतिक कर्तव्य समझता है।
उसका कहना है कि जहां कुछ लोग दूसरों की चीजें छीनने से भी पीछे नहीं हटते, वहीं किसी की खोई हुई अमानत को सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचाना भी समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। युवक की इस ईमानदारी ने साबित कर दिया कि आज भी समाज में इंसानियत और अच्छे संस्कार जिंदा हैं।
