जमालपुर अंडरपास आमजन के लिए शुरू, छोटे वाहनों को मिली एंट्री
टोहाना 8 अक्टूबर योगेश खनेजा
जमालपुर शेखों होकर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से निर्माणाधीन जमालपुर अंडरपास कल शाम से अब आमजन के लिए शुरू कर दिया गया है। अंडरपास शुरू होने से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा रेलवे फाटक के कारण होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी।
करीब सवा दो साल से निर्माणाधीन इस अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। अंडरपास की ऊंचाई करीब तीन मीटर है और छोटे वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था की गई है।
अंडरपास के दोनों ओर हाइट गेज लगाए गए हैं, ताकि निर्धारित ऊंचाई से अधिक बड़े वाहन अंदर प्रवेश न कर सकें। बड़े वाहनों को फिलहाल लिंक रोड से आवागमन करना होगा।
अंडरपास शुरू होने से जमालपुर शेखों सहित आसपास के गांवों के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने अंडरपास शुरू होने पर खुशी जताते हुए संबंधित विभाग और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। वहीं ऑटो रिक्शा चालकों ने आज लड्डू बांट कर खुशी जताई और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं बात करें ऊपरगामी पुल निर्माण कार्य की तो उसमें अभी चार से पांच महीने का समय ओर लग सकता है। जिस कारण बड़े वाहनों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
