नशा तस्करी पर थाना सदर टोहाना पुलिस का बड़ा प्रहार, करीब 17 लाख रुपये कीमत का डोडा पोस्त बरामद, आरोपी काबू

नशा तस्करी पर थाना सदर टोहाना पुलिस का बड़ा प्रहार, करीब 17 लाख रुपये कीमत का डोडा पोस्त बरामद, आरोपी काबू
 

थाना सदर टोहाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांव जापतेवाला में आरोपी के घर से छह कट्टों में भरा 111 किलो 590 ग्राम डोडा पोस्त बरामद

– आरोपी हरकरण सिंह उर्फ करण काबू, एनडीपीएस एक्ट व हत्या सहित विभिन्न धाराओं में पहले भी चार अभियोग हो चुके हैं दर्ज

टोहाना, 08 अक्टूबर योगेश खनेजा 

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर टोहाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांव जापतेवाला में एक आरोपी को काबू कर उसके रिहायशी मकान से छह प्लास्टिक कट्टों में भरा डोडा पोस्त बरामद किया है, जिसका कट्टों सहित कुल वजन 111 किलो 590 ग्राम पाया गया। बरामद डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख* आंकी गई है। आरोपी की पहचान हरकरण सिंह उर्फ करण पुत्र गुरजीत सिंह निवासी गांव जापतेवाला, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर टोहाना में अभियोग संख्या 209, दिनांक 07.10.2026, धारा 15सी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

             प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी टोहाना श्री जय भगवान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 07 अक्टूबर को पुलिस चौकी कुलां प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक कश्मीर सिंह अपनी टीम के साथ गांव जापतेवाला के बस अड्डा क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि हरकरण सिंह उर्फ करण ने अपने घर में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा हुआ है तथा वह इसे बेचने की फिराक में है।

            सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी घर के अंदर की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी को उसके कानूनी अधिकारों से अवगत करवाया गया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी करवाने की इच्छा व्यक्त करने पर डीएसपी श्री जय भगवान मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में नियमानुसार मकान की तलाशी ली गई।

             नियमानुसार तलाशी के दौरान मकान में बने तूड़ी वाले कमरे से काले रंग के छह प्लास्टिक कट्टे बरामद हुए। जांच करने पर सभी कट्टों में डोडा पोस्त भरा हुआ मिला। कट्टों सहित इनका कुल वजन 111 किलो 590 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया।

आरोपी के खिलाफ पहले भी चार अभियोग हो चुके हैं दर्ज

            डीएसपी श्री जय भगवान ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी हरकरण सिंह उर्फ करण के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, हत्या एवं आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत चार अभियोग दर्ज हो चुके हैं। इनका विवरण इस प्रकार है—

  1. अभियोग संख्या 184, दिनांक 06.08.2020: धारा 22सी एनडीपीएस एक्ट, थाना शहर रतिया।
  1. अभियोग संख्या 245, दिनांक 06.10.2021: धारा 148, 149, 302, 120बी आईपीसी एवं आर्म्स एक्ट, थाना भूना।
  1. अभियोग संख्या 339, दिनांक 29.10.2020: धारा 22सी/27ए एनडीपीएस एक्ट, थाना भूना।
  1. अभियोग संख्या 234, दिनांक 21.09.2021: धारा 285/34 आईपीसी एवं आर्म्स एक्ट, थाना भूना।

              डीएसपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा पोस्त की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, आरोपी ने इसे किस व्यक्ति से प्राप्त किया तथा आगे किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। इसके साथ ही नशा तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी गहनता से जांच की जा रही है।

              उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के निर्देशानुसार नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के साथ-साथ उनके सप्लायरों तथा पूरे नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।

              फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी अथवा नशीले पदार्थों की बिक्री से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

About the Author

योगेश खनेजा
योगेश खनेजा

9447 Articles