जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा : सुनीता बबली
सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा देवेंद्र सिंह बबली एवं उनकी टीम की ओर से बुधवार को जाखल मंडी स्थित गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुनीता बबली ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और बुजुर्गों एवं जरूरतमंद लोगों से मुलाकात कर उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
शिविर में जाखल मंडी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई तथा जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाइयां एवं चश्मे उपलब्ध करवाए गए। वहीं जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, उनके निशुल्क आंखों के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर सुनीता बबली ने कहा कि आंखें हमारे जीवन का बेहद महत्वपूर्ण अंग हैं और समय-समय पर आंखों की जांच करवाना जरूरी है। विशेष रूप से बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करना मानवता की सच्ची सेवा और सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। समाज के बुजुर्गों का आशीर्वाद और जरूरतमंदों के चेहरे पर आने वाली खुशी ही सेवा कार्यों की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ऐसे निशुल्क चिकित्सा शिविर आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
सुनीता बबली ने शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया और लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली की ओर से जनसेवा के ऐसे कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।शिविर में पहुंचे लोगों ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाते हुए देवेंद्र सिंह बबली एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया और इस पहल को जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद सराहनीय एवं उपयोगी बताया।
