हरियाणा में क्लर्कों की भर्ती की तैयारी में जुटी सरकार, अलग अलग विभागों से मांगा ब्यौरा

 
हरियाणा में क्लर्कों की भर्ती की तैयारी में जुटी सरकार, अलग अलग विभागों से मांगा ब्यौरा

हरियाणा सरकार ने सभी सरकारी विभागों में लिपिकीय पदों की स्वीकृत संख्या और वास्तविक रिक्तियों का पता लगाने के लिए प्रदेशव्यापी कवायद शुरू की है।

इस संबंध में जारी एक पत्र के माध्यम से मानव संसाधन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को लिपिकीय पदों की स्वीकृत संख्या और रिक्तियों का पदवार एवं जिलावार विस्तृत ब्यौरा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। इसमें विभागीय मुख्यालयों, अधीनस्थ कार्यालयों और प्रदेशभर के क्षेत्रीय कार्यालयों में स्वीकृत पदों तथा रिक्त पदों की जानकारी शामिल होगी।

यह प्रक्रिया हरियाणा लिपिकीय (भर्ती एवं सेवा शर्तें) अधिनियम, 2026 के लागू होने के बाद शुरू की गई है। इस अधिनियम को 3 जून, 2026 को अधिसूचित किया गया था।

अधिनियम की धारा 2(ख) के तहत क्लर्क की परिभाषा में 12 श्रेणियां शामिल की गई हैं। इनमें क्लर्क, क्लर्क-कम-टाइपिस्ट, टाइपिस्ट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, डायरिस्ट, डिस्पैचर, रिकॉर्ड कीपर, कैशियर, केयरटेकर, स्टोरकीपर और पीबीएक्स क्लर्क शामिल हैं। ये सभी पद अधिनियम की अनुसूची-ए में निर्धारित क्लर्क के समान कार्यात्मक वेतन स्तर पर स्वीकृत होने चाहिए।

सभी विभागों को 3 जून, 2026 से प्रभावी स्वीकृत पदों और रिक्तियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने को कहा गया है।

सरकार ने विभागाध्यक्षों को मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) पर संबंधित जानकारी का सत्यापन कर उसे अद्यतन करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि प्रशासनिक निर्णय लेने के लिए रिक्त पदों का सटीक और प्रमाणित रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके

About the Author

Atal Hind
Atal Hind atalhind@gmail.com

17 Articles