Sohna News: सोहना नगर परिषद के स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट में 80 लाख रुपये की गड़बड़ी का आरोप, पूर्व अधिकारियों और ठेकेदारों समेत 11 पर FIR दर्ज
<strong>गुरुग्राम। </strong>नगर परिषद सोहना में करीब एक दशक पहले हुए स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट में हुई बड़ी वित्तीय अनियमितताओं को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2014-15 में करीब 4.87 करोड़ रुपये की लागत से पूरे किए गए इस प्रोजेक्ट की प्राथमिक जांच के आधार पर एसीबी ने तत्कालीन चीफ इंजीनियर, एसडीओ, नगर परिषद के दो पूर्व सचिवों और तीन ठेकेदारों समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदारों ने आपस में सांठगांठ करके खरीद और वर्क अलॉटमेंट में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाईं, जिससे सरकारी खजाने को 80 लाख रुपये से अधिक का सीधा नुकसान पहुंचा।
<strong>25% अधिक दामों पर खरीदे गए उपकरण</strong>
एसीबी की शुरुआती जांच में स्ट्रीट लाइट से जुड़ी सामग्री की दरों पर गंभीर सवाल उठे हैं। जांच में सामने आया कि बाजार भाव की तुलना में 20 से 25 प्रतिशत अधिक दामों पर सामान खरीदा गया था।
अब जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि दरें तय करने का आधार क्या था। इसके लिए टेंडर डॉक्युमेंट्स, कोटेशन, वर्क ऑर्डर और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह साफ हो सके कि भुगतान को हरी झंडी किस स्तर पर दी गई थी।
<strong>लाइसेंस क्षमता से ज्यादा का थमाया काम</strong>
नियमों को दरकिनार कर ठेकेदारों को उनकी निर्धारित श्रेणी और क्षमता से कई गुना अधिक राशि का काम सौंपने का आरोप भी सही पाया गया है। एसीबी यह जांच रही है कि टेंडर प्रक्रिया में किन-किन अधिकारियों की सीधी भूमिका थी और किस आधार पर चहेते ठेकेदारों पर यह मेहरबानी की गई। मामले में संबंधित निदेशालय के तत्कालीन अफसर भी जांच के घेरे में आ गए हैं।
<strong>बढ़ सकता है जांच का दायरा</strong>
शुरुआती जांच में 80 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है, लेकिन विस्तृत वित्तीय और तकनीकी ऑडिट के बाद यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। एफआईआर दर्ज होने के बाद अब एसीबी सभी आरोपियों को समन भेजकर पूछताछ करेगी। 10 साल पुराने इस मामले में हुई कार्रवाई से स्थानीय निकायों में हड़कंप मच गया है।
