Delhi-NCR Pollution Alert: प्रदूषण पर CAQM का बड़ा एक्शन! GRAP के नए नियम लागू, जानें कब लगेंगी पाबंदियां
गुरुग्राम (हरियाणा): दिल्ली-एनसीआर में ठंड की दस्तक के साथ ही गहराने वाले वायु प्रदूषण से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का नया और संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेशों का अनुपालन करते हुए आयोग ने इस बार ऊंचे चरणों में लागू होने वाली कई सख्त पाबंदियों को अब निचले चरणों में ही एडवांस में लागू करने का फैसला किया है। नए नियमों के तहत पूरे ग्रैप को दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आधार पर 4 चरणों (Stages) में वर्गीकृत किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के आधार पर हवा की गुणवत्ता बिगड़ने से पहले ही प्रतिबंधों को अग्रिम रूप से लागू कर दिया जाएगा।
AQI के आधार पर ग्रैप के 4 चरण:
स्टेज-1 ('खराब' श्रेणी - AQI 201 से 300): शुरुआती पाबंदियां लागू होंगी।
स्टेज-2 ('बेहद खराब' श्रेणी - AQI 301 से 400): निर्माण और वाहनों पर सख्ती बढ़ेगी।
स्टेज-3 ('गंभीर' श्रेणी - AQI 401 से 450): स्टोन क्रशर और माइनिंग बंद, वाहनों पर कड़ा बैन।
स्टेज-4 ('बेहद गंभीर' श्रेणी - AQI 450 से ऊपर): आपातकालीन उपाय लागू होंगे।
ध्यान दें: एक बार लागू हुई पाबंदी अगले चरण में भी स्वतः जारी रहेगी। स्थानीय स्तर पर वायु प्रदूषण रोकने के लिए गुरुग्राम नगर निगम ने चालान काटने और सड़कों पर पानी के छिड़काव के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।
निर्माण कार्य, कचरा प्रबंधन और सफाई पर कड़े निर्देश
प्रोजेक्ट्स का पंजीकरण: स्टेज-1 लागू होते ही 500 वर्ग मीटर से बड़े सभी निर्माण और ध्वस्तीकरण (C&D) प्रोजेक्ट्स का सरकारी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।
एंटी-स्मॉग गन और पानी का छिड़काव: निर्माण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन, नियमित पानी का छिड़काव और मलबे को पूरी तरह ढककर ले जाना अनिवार्य रहेगा।
खुले में कूड़ा जलाने पर भारी जुर्माना: कचरा न उठाने, खुले में कूड़ा जलाने या लैंडफिल साइट में आग लगने की घटनाओं पर अधिकतम जुर्माना ठोका जाएगा। इसके साथ ही सड़कों पर मैकेनाइज्ड स्वीपिंग और वाटर स्प्रिंकलिंग रोजाना की जाएगी।
वाहनों पर बड़ा शिकंजा, स्टोन क्रशर और माइनिंग गतिविधियों पर रोक
ग्रैप-2 से ही बंद होंगी गतिविधियां: वायु गुणवत्ता बिगड़ते ही स्टेज-2 के तहत पूरे एनसीआर (NCR) में स्टोन क्रशर और माइनिंग (खनन) कार्य पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे।
BS-3 और BS-4 वाहनों पर प्रतिबंध: गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाली चार पहिया गाड़ियों के संचालन पर रोक रहेगी। दिल्ली में BS-4 डीजल मीडियम गुड्स व्हीकल्स के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद: ट्रैफिक पुलिस को पीयूसी (PUC) सर्टिफिकेट की सख्त चेकिंग और जाम वाले चौराहों पर विशेष तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
आम नागरिकों के लिए 'सिटिजन चार्टर' जारी
आयोग ने आम जनता से भी प्रदूषण कम करने में सहयोग की अपील करते हुए दिशानिर्देश जारी किए हैं:
समीर ऐप (Sameer App) पर रोजाना अपने इलाके का AQI चेक करें और PUC सर्टिफिकेट हमेशा अपडेट रखें।
ट्रैफिक रेड लाइट पर वाहन का इंजन बंद (Red Light On, Engine Off) करें।
निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन (Metro/Bus) और इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) को प्राथमिकता दें।
डीजल जनरेटर (DG Sets) का उपयोग कम से कम करें और त्योहारों पर पटाखों से पूरी तरह परहेज करें।
नागरिक किसी भी तरह के प्रदूषण फैलाने की शिकायत 311 ऐप और समीर ऐप पर दर्ज करा सकते हैं। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली औद्योगिक इकाइयों और निर्माण स्थलों पर अधिकारियों द्वारा चालान सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।