Gurugram में DTPE का बड़ा एक्शन! DLF फेज-2 में अवैध क्लीनिक-दफ्तर चलाने वाली 11 इमारतें सील
गुरुग्राम। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 में रिहायशी मकानों के भीतर नियमों को ताक पर रखकर चलाई जा रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (DTCP) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को विभाग का सीलिंग अभियान तीसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा।
जिला नगर योजनाकार एनफोर्समेंट (DTPE) की टीम ने कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन कर रही 11 इमारतों को चिन्हित किया और उनमें चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर ताला जड़ते हुए उन्हें सील कर दिया। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से कमर्शियल गतिविधियां चला रहे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
कार्यालय, क्लीनिक और गेस्ट हाउस पर कार्रवाई
बता दें कि जिन पर कार्रवाई की गई, उनमें बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिलों तक संचालित कार्यालय, प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी, क्लीनिक, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शामिल हैं।
कुछ इमारतों में प्लाट को आपस में जोड़कर अतिरिक्त निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही थीं। पूरी कार्रवाई के दौरान विभाग की एटीपी दिव्या दहिया मौजूद रहीं।
शनिवार को बोगनविलिया मार्ग (बीवीएम)-दो स्थित पूरी इमारत को सील कर दिया गया। यहां सुपर मार्केट, स्किन केयर क्लीनिक और ट्रैवल एजेंसी का कार्यालय संचालित हो रहा था।
बीवीएम-पांच की पहली मंजिल पर चल रहे कार्यालय को सील किया गया। बीवीएम-11 स्थित विकास बिल्डर्स के कार्यालय वाली पूरी इमारत को सील कर दिया गया।
वहीं, बीवीएम-19 में बेसमेंट में व्यावसायिक स्टोरेज और भूतल पर बत्रा प्रॉपर्टीज सहित अन्य प्रॉपर्टी डीलर कार्यालयों पर कार्रवाई की गई।
आकाशनीम मार्ग पर भी व्यापक कार्रवाई
आकाशनीम मार्ग (एएनएम)-78 स्थित एस प्लस फोर इमारत को पूरी तरह सील कर दिया गया। यहां आर्किटेक्ट सुमित धवन का इंटीरियर डिजाइनिंग कार्यालय संचालित हो रहा था।
एएनएम-106 और एएनएम-107 में प्लाट को आपस में जोड़कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के मामले में पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल को सील किया गया। एएनएम-92 के बेसमेंट में चल रहे क्लीनिक और प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी कार्यालय को सील किया गया।
वहीं, एएनएम-92ए में भूतल और पहली मंजिल पर संचालित गेस्ट हाउस को सील कर दिया गया। इसके अलावा जे-1/37 में प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी कार्यालय के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बेसमेंट, दूसरी और तीसरी मंजिल को सील किया गया।
जे-1/38 में बेसमेंट में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई की गई।
तीन दिनों में 37 इमारतें सील
शनिवार को तीसरे दिन 11 इमारतों पर कार्रवाई हुई। तीन दिनों में 37 इमारतें सील की जा चुकी हैं। आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रखने की तैयारी है।
-अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग