एमबीए युवती ने झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूले 90 लाख रुपये, गुरुग्राम में ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला गिरफ्तार

गुरुग्राम में एक एमबीए युवती को झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देकर 90 लाख रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

एमबीए युवती ने झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 90 लाख वसूले 

ब्लैकमेलिंग कर लाखों रुपये की अवैध वसूली करने वाली महिला गिरफ्तार

आरोपी महिला से 50,000 रुपये की नकदी बरामद की गई 

आरोपी महिला के बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये फ्रीज करवाए गए 

आरोपी की पहचान सूर्यदीता दास, उम्र 24 वर्ष, शिक्षा एमबीए  के रूप में हुई

फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम / /06 अक्टूबर 2026/अटल हिन्द ब्यूरो

पुलिस को 4 अक्टूबर को एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि वह करीब 03 वर्ष पूर्व एक महिला से ऑनलाइन ऐप के माध्यम से मिला था। इसके बाद दोनों के बीच ऑनलाइन चैट के माध्यम से संपर्क हुआ तथा दोनों की आपस में मुलाकात होने लगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में उक्त महिला द्वारा उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा तथा लगातार पैसों की मांग की जाने लगी। महिला द्वारा शिकायतकर्ता को झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने तथा उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने की बात भी शिकायत में बताई गई।

लगातार पैसों की मांग कर रही थी आरोपी 

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी महिला द्वारा ब्लैकमेलिंग के माध्यम से उससे अब तक लगभग 90 लाख रुपये की राशि ली जा चुकी थी, जिसमें बैंक के माध्यम से किए गए लेन-देन के साथ-साथ नकद राशि भी शामिल थी। इसके बावजूद आरोपी महिला द्वारा उससे लगातार लाखों रुपये की और मांग की जा रही थी। महिला द्वारा धमकी देकर पैसे लेने तथा मांग पूरी नहीं करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर, गुरुग्राम पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से की कार्यवाही

 शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर, गुरुग्राम पुलिस द्वारा एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आरोपी महिला द्वारा मांगी गई राशि देने के दौरान निगरानी रखने की योजना तैयार की। आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को कॉफी हाउस सोहना रोड सेक्टर  47 गुरुग्राम में बुलाया था। पुलिस टीम द्वारा सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम पर निगरानी रखी गई।

50 हजार रुपये लेते ही महिला मौके पर काबू 

पुलिस टीम द्वारा मौके पर कार्यवाही करते हुए आरोपी महिला को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये नकद लेते हुए काबू किया गया। आरोपी महिला की पहचान सूर्यदीता दास, उम्र 24 वर्ष, शिक्षा एमबीए, निवासी पश्चिम बंगाल, वर्तमान पता सुशांत लोक गुरुग्राम के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 50,000 रुपये बरामद किए गए। बरामद नोटों में कुछ नोटों पर पुलिस टीम द्वारा पहले से किए गए हस्ताक्षर/इनीशियल भी पाए गए।

पूछताछ में ब्लैकमेलिंग से लाखों रुपये लेने का खुलासा

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला करीब 03 वर्ष पूर्व शिकायतकर्ता से ऑनलाइन ऐप के माध्यम से मिली थी। शुरुआत में दोनों के बीच ऑनलाइन चैट के माध्यम से संपर्क हुआ तथा बाद में दोनों के मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और मुलाकातें होने लगीं। पूछताछ के अनुसार, आरोपी महिला द्वारा शिकायतकर्ता के साथ संबंध बनाए गए तथा बाद में उसे ब्लैकमेल कर लगातार पैसों की मांग की गई। आरोपी महिला द्वारा शिकायतकर्ता से अब तक लगभग 90 लाख रुपये ब्लैकमेलिंग के माध्यम से लेने की बात सामने आई है तथा वर्तमान में भी लाखों रुपये की मांग की जा रही थी।

दो दिन पुलिस रिमांड, बैंक खाते में 95 लाख रुपये फ्रीज

उपरोक्त मामले में आरोपी महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता  की संबंधित धाराओं के तहत थाना सदर, गुरुग्राम में अभियोग अंकित किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी महिला को 4 अक्टूबर को  न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को 02 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। गुरुग्राम पुलिस द्वारा आरोपी महिला के बैंक खाते में पाए गए लगभग 95 लाख रुपये नियमानुसार फ्रीज करवाए गए हैं। अभियोग में आगामी कार्यवाही नियमानुसार जारी है।

गुरुग्राम पुलिस की अपील

गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग, धमकी अथवा अवैध वसूली की स्थिति में घबराएं नहीं और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। किसी व्यक्ति द्वारा धमकी देकर पैसे की मांग किए जाने पर स्वयं कोई जोखिम न लेते हुए पुलिस की सहायता लें। गुरुग्राम पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

About the Author