दीवाली पर गुरुग्राम में सुरक्षा अलर्ट, 10 प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगे दमकलकर्मी

दीवाली के दौरान आतिशबाजी और अन्य कारणों से आगजनी की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने शहर में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं। किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना से तुरंत निपटने के लिए जिले के 10 प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहन तैनात किए गए हैं। ये गाड़ियां 4 नवंबर की शाम 5 बजे से 9 नवंबर की सुबह 8 बजे तक तय किए गए स्थानों पर पूरी तरह मुस्तैद रहेंगी।
 

<strong> गुरुग्राम।</strong> दीवाली के दौरान आतिशबाजी और अन्य कारणों से आगजनी की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने शहर में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं।

किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना से तुरंत निपटने के लिए जिले के 10 प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहन तैनात किए गए हैं। ये गाड़ियां 4 नवंबर की शाम 5 बजे से 9 नवंबर की सुबह 8 बजे तक तय किए गए स्थानों पर पूरी तरह मुस्तैद रहेंगी।

वरिष्ठ दमकल केंद्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी दमकल केंद्रों के अधिकारियों और प्रभारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

<strong>तत्काल दमकल वाहन की सुविधा</strong>

अग्निशमन विभाग ने ऐसी जगह को प्राथमिकता दी है, जहां दीवाली के दौरान लोगों की आवाजाही ज्यादा रहती है और आगजनी की घटना होने पर तत्काल दमकल वाहन पहुंचाना जरूरी है। इसके तहत बादशाहपुर और सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन पर सेक्टर-29 दमकल केंद्र से वाहन तैनात किया गया है।

सदर बाजार के बड़ा डाकखाना चौक और दौलताबाद-द्वारका एक्सप्रेसवे चौक पर भीम नगर दमकल केंद्र से वाहन उपलब्ध कराया गया है। इसी तरह भूतेश्वर मंदिर, खांडसा रोड स्थित मस्जिद के पास और कादीपुर चौक के राधा स्वामी सत्संग भवन पर सेक्टर-37 दमकल केंद्र से दमकल वाहन तैनात किए गए हैं।

इन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी बिना देरी किए मौके पर पहुंच सकें।

<strong>मानेसर और फरुखनगर तक सुरक्षा के इंतजाम</strong>

शहर के साथ औद्योगिक और बाहरी क्षेत्रों में भी दमकल विभाग ने व्यवस्था की है। पालम विहार स्थित एनसीयू विश्वविद्यालय के पास सेक्टर-23 में उद्योग विहार दमकल केंद्र से वाहन तैनात किया गया है। बिलासपुर चौक और फरुखनगर क्षेत्र में पटौदी दमकल केंद्र से दमकल वाहन उपलब्ध रहेगा।

वहीं, आइएमटी मानेसर चौक पर मानेसर दमकल केंद्र का वाहन तैनात किया गया है। वरिष्ठ दमकल केंद्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने सभी दमकल केंद्रों के अधिकारियों और प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि तक वाहन अपने तय स्थानों पर ही तैनात रहें।

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। विभाग का प्रयास है कि दीवाली के दौरान आगजनी की घटना होने पर दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय कम से कम रखा जाए, ताकि जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles