हरियाणा बटालियन एनसीसी गुरुग्राम की ओर से यूनिवर्सल स्कूल, घोषगढ़ में कैंप 

हरियाणा बटालियन एनसीसी गुरुग्राम की ओर से यूनिवर्सल स्कूल, घोषगढ़ में कैंप
 

पटौदी अक्टूबर। 5 हरियाणा बटालियन एनसीसी, गुरुग्राम की ओर से यूनिवर्सल स्कूल, घोषगढ़ में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण कैंप (एटीसी)-179 के सातवें दिन एनसीसी कैडेटों के लिए क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सीनियर डिवीजन, सीनियर विंग, जूनियर डिवीजन और जूनियर विंग के कैडेट्स ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। सुबह कैंप परिसर में क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के लिए कैडेटों की कतार लग गई। निर्धारित मार्ग पर कैडेट्स ने दौड़ लगाकर अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता को कैंप कमांडेंट कर्नल एसके कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरी झंडी मिलते ही कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ शुरू की। इस दौरान कैडेट्स में आगे निकलने के लिए उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। निर्धारित दूरी पूरी करने के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के आधार पर चयनित किया गया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कैडेट्स का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कैंप कमांडेंट कर्नल एसके कौशिक ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स के लिए शारीरिक फिटनेस बेहद जरूरी है। स्वस्थ और मजबूत शरीर से ही कैडेट कठिन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस को केवल कैंप या प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित व्यायाम, दौड़ और खेलों से शरीर स्वस्थ रहने के साथ आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती भी बढ़ती है।

उन्होंने कैडेट्स से कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। क्रॉस कंट्री जैसी प्रतियोगिताएं कैडेटों में कठिन परिस्थितियों का सामना करने और लक्ष्य प्राप्त करने की क्षमता को मजबूत करती हैं। इस अवसर पर सूबेदार मेजर जय प्रकाश, पीआई स्टाफ, एएनओ सहित कैंप के अन्य प्रशिक्षण अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles