लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक सहित छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं; विजेताओं को मिलेंगे 4100, 3100 और 2100 रुपये के पुरस्कार

लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक सहित छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं; विजेताओं को मिलेंगे 4100, 3100 और 2100 रुपये के पुरस्कार
 

जिला युवा महोत्सव-2026 में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का सुनहरा अवसर

गुरुग्राम,

 युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम में जिला युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। युवा समन्वय अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और युवा संगठनों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 

आईटीआई गुरुग्राम के प्रधानाचार्य रविंद्र यादव ने बताया कि

महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक संवाद और नेतृत्व क्षमता की भावना को बढ़ावा देना है। इस वर्ष महोत्सव की प्रमुख थीम 'नशा मुक्त युवा फोर विकसित भारत' निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का संदेश देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला युवा महोत्सव के तहत छह विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन तथा लोक वाद्य यंत्र प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। इसके लिए प्रतिभागियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 4100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 2100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर पर चयनित विजेताओं को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं, राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया गया है कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी प्रतिभा के माध्यम से नशामुक्त, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles