दो दिवसीय पेंशन अदालत में 90 से अधिक पेंशनभोगियों की समस्याओं का मौके पर समाधान

दो दिवसीय पेंशन अदालत में 90 से अधिक पेंशनभोगियों की समस्याओं का मौके पर समाधान
 

पेंशन निर्धारण, संशोधन और बकाया पेंशन से जुड़े मामलों में पेंशनभोगियों को दी गई सहायता

गुरुग्राम,

प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), हरियाणा, चंडीगढ़ कार्यालय तथा कोषाधिकारी कार्यालय, गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में 12 और 13 अक्टूबर को पीडब्ल्यूडी बीएंडआर रेस्ट हाउस, गुरुग्राम में आयोजित दो दिवसीय पेंशन अदालत में 90 से अधिक पेंशनभोगियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

पेंशन अदालत की अध्यक्षता उप महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) अर्पित चौधरी ने की। इस अवसर पर कोषाधिकारी नैसी यादव भी उपस्थित रहीं।

प्रधान महालेखाकार कार्यालय की ओर से वरिष्ठ लेखाधिकारी मनोज कुमार मीणा, सहायक लेखाधिकारी विकेश, सहायक लेखाधिकारी अजय कुमार तथा लेखाकार मनिंदर ने पेंशनभोगियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। 

पेंशन अदालत में पेंशन निर्धारण, पेंशन संशोधन, बकाया पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों से संबंधित मामलों पर सुनवाई की गई। पेंशनभोगियों को उनके मामलों की स्थिति के बारे में जानकारी देने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इस पहल का उद्देश्य पेंशनभोगियों को एक ही स्थान पर पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना और लंबित मामलों में कार्रवाई को गति देना है। इससे पेंशन संबंधी सेवाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने और पेंशनभोगियों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles