हरियाणा में ADA के 255 पदों के इंटरव्यू से पहले सरकारी वकीलों के पदनाम में न्यायवादी शब्द पर उठा सवाल

हरियाणा में ADA के 255 पदों के इंटरव्यू से पहले सरकारी वकीलों के पदनाम में अटॉर्नी शब्द के इस्तेमाल पर एडवोकेट ने नोटिस भेजा है।

हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आगामी 10 से 18 अक्टूबर तक असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी अर्थात सहायक जिला न्यायवादी के 255 पदों पर चयन के लिए निर्धारित साक्षात्कार से पहले प्रदेश सरकार की नियमित सेवा में कार्यरत लॉ ऑफिसर्स के पदनाम में गत कई दशकों से प्रयोग किए जा रहे अटॉर्नी शब्द को लेकर कानूनी सवाल एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट तथा विधि-विधायी मामलों के जानकार हेमंत कुमार, जो गत कई वर्षो से इस विषय को मुखर तौर पर उठाते रहे है, ने आज एक बार पुन: इस मामले में हरियाणा के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, गृह सचिव, एडवोकेट जनरल, विधि-परामर्शी, निदेशक-प्रॉसिक्यूशन को नोटिस भेजकर डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी, डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी, असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी जैसे पदनामों की वैधानिक स्थिति स्पष्ट करने की अपील की थी। चूँकि हरियाणा के अतिरिक्त पडोसी पंजाब राज्य और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की नियमित सरकारी सेवा में कार्यरत सरकारी वकीलों के पदनाम में उपरोक्त अटॉर्नी शब्द का प्रयोग किया जाता है, अत: उन्हें भी साथ साथ नोटिस भेजा गया है।

देश की संसद द्वारा 50 वर्ष पूर्व हटाया गया था अटॉर्नी शब्द

हेमंत का कहना है कि देश की संसद द्वारा आज से 50 वर्ष पूर्व 1976 में अधिवक्ता अधिनियम, 1961 में संशोधन कर अटॉर्नी अर्थात न्यायवादी शब्द को कानून से पूरी तरह हटा दिया था। इसके बाद से हमारे देश में केवल दो श्रेणियों के वकीलों एडवोकेट और सीनियर एडवोकेट को ही कानूनी मान्यता प्राप्त है। ऐसे में किसी भी सरकारी या निजी एडवोकेट के लिए अटॉर्नी शब्द का प्रयोग विधिसम्मत नहीं है।

अदालतों में भी नहीं चलता अटॉर्नी शब्द

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि हरियाणा सरकार की नियमित सेवा में नियुक्त इन सरकारी वकीलों को नियुक्ति के समय अलग-अलग अधिसूचनाओं के माध्यम से सिविल मामलों के लिए गवर्नमेंट प्लीडर तथा फौजदारी मामलों के लिए लोक अभियोजक के रूप में अधिकृत किया जाता है। व्यवहारिक रूप से भी ये अधिकारी अदालतों में Government Pleader अथवा Public Prosecutor के रूप में ही कार्य करते हैं और उसी पदनाम से हस्ताक्षर करते हैं। न्यायालयों की किसी भी कार्यवाही में Attorney शब्द का उपयोग नहीं किया जाता।

केंद्र सरकार में भी नहीं है ऐसा कोई पदनाम

हेमंत ने कहा कि भारत सरकार के किसी भी मंत्रालय, विभाग या कार्यालय में कार्यरत विधि अधिकारियों के पदनाम में Attorney शब्द का प्रयोग नहीं किया जाता। वहां Law Officer, Legal Adviser, Government Counsel, Public Prosecutor जैसे पदनाम ही प्रचलित हैं। उनका कहना है कि जब केंद्र सरकार तक अपने नियमित विधि अधिकारियों के लिए Attorney शब्द का प्रयोग नहीं करती, तब हरियाणा सरकार द्वारा इसका उपयोग जारी रखना कानून और स्थापित परंपरा दोनों के विपरीत है।

संविधान में केवल अटॉर्नी जनरल का ही उल्लेख

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 76 में केवल Attorney General for India अर्थात भारत के महान्यायवादी का संवैधानिक पद ही मान्य है, जिसकी नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं और जो देश का सर्वोच्च विधि अधिकारी होता है। हेमंत ने कहा कि संविधान या किसी अन्य कानून में Additional Attorney General, Deputy Attorney General, Assistant Attorney General, District Attorney अथवा Deputy District Attorney जैसे पदों का कोई वैधानिक प्रावधान नहीं है।

हरियाणा के एडवोकेट जनरल कार्यालय में भी नहीं है अटॉर्नी

हेमंत ने यह भी इंगित किया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट स्थित हरियाणा के एडवोकेट जनरल कार्यालय में अनुबंध आधार पर नियुक्त सरकारी वकीलों के लिए Senior Additional Advocate General, Additional Advocate General, Senior Deputy Advocate General, Deputy Advocate General और Assistant Advocate General जैसे पदनाम निर्धारित हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद वर्ष 2016 में हरियाणा विधानसभा द्वारा पारित हरियाणा लॉ ऑफिसर्स अधिनियम, 2016 में भी कहीं Attorney शब्द का प्रयोग नहीं किया गया है।

सेवा नियमों में संशोधन कर बदले जाएं पदनाम

हेमंत ने नोटिस में मांग की है कि हरियाणा सरकार अपने नियमित सरकारी वकीलों के सेवा नियमों की समीक्षा कर Attorney शब्द को हटाए तथा उसकी जगह Government Advocate, Government Pleader, Public Prosecutor अथवा Law Officer जैसे विधिसम्मत पदनाम अपनाए जाएं। ताकि राज्य की सेवा नियमावली को Advocates Act, 1961 तथा वर्तमान कानूनी व्यवस्था के अनुरूप बनाया जा सके।

About the Author