हरियाणा में नहरों और खालों की बदलेगी तस्वीर, 15 क्लस्टरों में करोड़ों एकड़ क्षेत्र के लिए जल प्रबंधन योजना

हरियाणा की वॉटर सिक्योर हरियाणा योजना के तहत 15 क्लस्टरों में 49.94 लाख एकड़ क्षेत्र कवर होगा। नहरों का जीर्णोद्धार, 620 खालों का सुधार, जलभराव से राहत और 150 नए जल निकाय बनाने की तैयारी।

हरियाणा में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने, नहरों और खालों का जीर्णोद्धार करने तथा खेतों में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए सरकार ने बड़ी योजना पर काम तेज कर दिया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने 'वॉटर सिक्योर हरियाणा' कार्यक्रम के तहत डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के 15 क्लस्टरों में कुल 49.94 लाख एकड़ कल्चरेबल कमांड एरिया (CCA) को कवर किया जाएगा। परियोजना में पुरानी नहरों और खालों के सुधार, जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था, खेती में पानी बचाने और भूजल रिचार्ज के लिए नए जल निकाय तैयार करने जैसे कार्य शामिल किए जाएंगे।

विभाग ने DPR तैयार करने के लिए 10 महीने की समय-सीमा तय की है। यह अवधि कॉन्ट्रैक्ट साइन होने की तारीख से शुरू होगी और इसमें बढ़ोतरी करने की मांग को भी विभाग ने स्वीकार नहीं किया है।

हरियाणा के 15 क्लस्टरों में 49.94 लाख एकड़ क्षेत्र होगा कवर

'वॉटर सिक्योर हरियाणा' परियोजना के तहत राज्य के 15 क्लस्टरों में सिंचाई और जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की विस्तृत योजना बनाई जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि DPR पूरे 100 प्रतिशत कमांड एरिया के लिए तैयार की जाएगी, जबकि चिन्हित कार्यों में से 70 प्रतिशत के विस्तृत एस्टीमेट अलग से प्रस्तुत करने होंगे।

क्लस्टरवार जानकारी, क्षेत्र का विवरण और नक्शे RFP (Request for Proposal) चरण के दौरान चयनित एजेंसियों को उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि परियोजना की प्लानिंग और डिजाइन सही तरीके से तैयार हो सके।

कहां कितना काम होगा? इन क्षेत्रों में होगा सुधार

नहरों और खालों का जीर्णोद्धार

8.56 लाख एकड़ क्षेत्र में नहरों का पुनर्वास और 3.18 लाख एकड़ क्षेत्र में खालों (वॉटर कोर्स) का सुधार किया जाएगा। MICADA के करीब 1.29 करोड़ रनिंग फीट लंबे 620 खालों के जीर्णोद्धार को भी DPR में शामिल किया जाएगा।

2 लाख एकड़ क्षेत्र को जलभराव से राहत

करीब 2 लाख एकड़ जलभराव प्रभावित क्षेत्र में कृषि विभाग के सहयोग से वर्टिकल और सब-सरफेस ड्रेनेज सिस्टम तैयार किए जाएंगे, जिससे खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था बेहतर होगी।

खेती में पानी बचाने पर जोर

5 लाख एकड़ में धान की सीधी बिजाई (DSR) को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा 'मेरा पानी-मेरी विरासत' योजना के तहत 1.12 लाख एकड़ क्षेत्र में फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित किया जाएगा।

150 नए जल निकाय तैयार करने की योजना

भूजल स्तर सुधारने और रिचार्ज बढ़ाने के उद्देश्य से लगभग 150 नए जल निकायों के निर्माण के लिए प्लानिंग और डिजाइन तैयार किए जाएंगे।

DPR के लिए 10 महीने की समय-सीमा, बढ़ाने की मांग खारिज

विभाग ने परियोजना की DPR तैयार करने के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन होने के बाद 10 महीने की समय-सीमा निर्धारित की है। बोली लगाने वाली एजेंसियों ने सर्वे, NIT कुरुक्षेत्र से डिजाइन वेटिंग और केंद्रीय जल आयोग (CWC) से मंजूरी जैसी प्रक्रियाओं में लगने वाले समय को देखते हुए समय-सीमा 10 महीने से बढ़ाकर 18 महीने करने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने इसे खारिज कर दिया।

फीस में ही शामिल होगा डिजाइन वेटिंग का खर्च

परियोजना में सिविल स्ट्रक्चर के डिजाइन की जांच NIT कुरुक्षेत्र या किसी समकक्ष सरकारी तकनीकी संस्थान से करवाना जरूरी होगा। विभाग ने साफ किया है कि इस थर्ड-पार्टी वेटिंग पर आने वाला खर्च कंसल्टेंट की कोटेड फीस में ही शामिल होगा। इसके लिए अलग से भुगतान नहीं किया जाएगा।

विशेषज्ञों की योग्यता में भी नहीं मिलेगी छूट

DPR तैयार करने वाली एजेंसियों के लिए विशेषज्ञों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इरिगेशन प्लानिंग स्पेशलिस्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर के लिए निर्धारित उच्च शैक्षणिक योग्यता (M.Sc/M.Tech) में छूट देने की मांग स्वीकार नहीं की गई है।

पर्यावरण मंजूरी और सोशल स्टडी की जरूरत नहीं

इस परियोजना में नई नहरों का निर्माण नहीं किया जाएगा, बल्कि मौजूदा नहरों और सिंचाई नेटवर्क का जीर्णोद्धार एवं सुधार किया जाएगा। इसी वजह से विभाग के अनुसार परियोजना के लिए अलग से पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन या पर्यावरण क्लीयरेंस की आवश्यकता नहीं होगी।

हरियाणा सरकार की इस योजना से सिंचाई नेटवर्क की क्षमता में सुधार, पानी की बचत, जलभराव की समस्या से राहत, भूजल रिचार्ज और खेती में पानी के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles