हरियाणा में बड़ी भर्तियों की परीक्षाओं पर लटकी तलवार, मार्च 2027 तक स्कूलों में बड़ी परीक्षाएं नहीं होंगी
हरियाणा शिक्षा विभाग ने जनगणना 2027 के कार्य के चलते 1 मार्च 2027 से पहले स्कूलों में प्रमुख विषयों की परीक्षाएं आयोजित नहीं करने के निर्देश जारी किए हैं। जनगणना कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी लगने के कारण यह फैसला लिया गया है।
## हरियाणा शिक्षा विभाग ने जनगणना-2027 के कार्य को देखते हुए स्कूलों में परीक्षाओं के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि 1 मार्च 2027 से पहले प्रमुख विषयों (Major Papers) की परीक्षाएं आयोजित न की जाएं, ताकि जनगणना कार्य में शिक्षकों की तैनाती प्रभावित न हो। हरियाणा के स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में किया जा रहा है। पहला चरण हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वहीं, दूसरे चरण में जनवरी 2027 से घर-घर जाकर जनगणना का कार्य शुरू होगा, जिसे 1 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है। जनगणना कार्य के लिए प्रदेश में करीब 3.4 लाख फील्ड कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इनमें मुख्य रूप से प्राथमिक और मिडिल स्कूल के शिक्षकों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, बड़ी संख्या में माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक भी जनगणना कार्य में लगाए जाएंगे। इसी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा, सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (DEEO) को निर्देश दिए हैं कि 1 मार्च 2027 से पहले प्रमुख विषयों की परीक्षाओं का शेड्यूल न बनाया जाए। इस आदेश का उद्देश्य जनगणना कार्य के दौरान शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि जनगणना और स्कूल परीक्षाओं के आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी न आए।