हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी, अगले वर्ष गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल होगा

हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी, अगले वर्ष गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल होगा

चंडीगढ़, 26 नवंबर - हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में विकसित हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा। भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है।

डॉ. अरविंद शर्मा आज संविधान दिवस एवं हरियाणा की हीरक जयंती के अवसर पर हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संविधान निर्माताओं, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय संविधान निर्माताओं के सम्मान और युवा पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कदम था। संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है।

पारदर्शी शासन से विकास को मिली नई गति :

हरियाणा की छह दशकों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति किसानों, जवानों, खिलाड़ियों, महिलाओं, उद्यमियों और मेहनतकश लोगों के परिश्रम का परिणाम है। वर्ष 2014 के बाद पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

24 फसलों पर एमएसपी देने वाला अग्रणी राज्य बना हरियाणा :

किसान कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि हरियाणा देश का अग्रणी राज्य है, जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है। वर्ष 2014 के बाद गन्ने के भाव में लगभग 34 प्रतिशत वृद्धि की गई है। वर्तमान में गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल है, जिसे अगले वर्ष बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा। बाजरे पर भावांतर भरपाई योजना और फसलों की निर्बाध खरीद से किसानों को राहत मिल रही है।

महिला सशक्तिकरण और अंत्योदय को प्राथमिकता :

उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार करते हुए 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी इसका लाभ दिया जा रहा है। सरकार का संकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती :

सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के डिजिटलीकरण और बहुउद्देशीय विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त हो रही है। पैक्स के माध्यम से खाद, बीज और ऋण के अलावा पेट्रोल पंप, गैस स्टेशन, कॉमन सर्विस सेंटर और वेयरहाउस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। भिवानी में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के माध्यम से 95 स्वयं सहायता समूहों द्वारा ऋण की शत-प्रतिशत समय पर अदायगी सहकारिता की सफलता का उदाहरण है।

पर्यटन, विरासत और निर्वाचन के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास :

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्यटन एवं विरासत के माध्यम से हरियाणा की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया में संवैधानिक मर्यादाओं और पारदर्शिता का विशेष महत्व है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित हरियाणा इस राष्ट्रीय संकल्प का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से संविधान के मूल आदर्शों का सम्मान करने, लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने और राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles