Weather Update: हरियाणा-NCR में बढ़ेगी ठिठुरन, इस दिन बारिश से बदलेगा मौसम!
<strong>हिसार।</strong> हरियाणा सहित एनसीआर-दिल्ली में नवंबर के शेष दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन लगातार उत्तरी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आएगी और सर्दी बढ़ेगी।
दिन के तापमान के सामान्य के आसपास बने रहने के आसार हैं। दिसंबर के पहले हफ्ते में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक, शनिवार को सक्रिय हुए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा के उत्तरी जिलों, खासकर पंजाब से सटे इलाकों में बादल छाए हुए हैं। सिस्टम कमजोर होने के कारण मैदानी इलाकों में बारिश के आसार नहीं हैं।
इसका प्रभाव मुख्य तौर पर उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा, जहां हल्की बर्फबारी हो सकती है। दक्षिण-पूर्वी नमी वाली हवाओं के चलते बीच-बीच में कोहरा, कुहासा और स्मॉग बनने की स्थिति रह सकती है, जबकि उत्तरी हवाओं से रात के पारे में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। 22 नवंबर को हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दिसंबर के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा और एनसीआर-दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। बारिश और तेज हवाएं प्रदूषक कणों के बिखराव में मदद कर सकती हैं, जिससे प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
