हरियाणा में सरपंच ने 11 लाख का दहेज ठुकराया, बेटे के शादी में एक रुपया शगुन का लिया

हरियाणा में सरपंच ने 11 लाख का दहेज ठुकराया, बेटे के शादी में एक रुपया शगुन का लिया
 

हरियाणा में अब दहेज की प्रथा को लगातार कम किया जा रहा है। दहेज लोभियों के लिए अब कड़े कानून भी बनाए जा रहे हैं वहीं सामाजिक तौर पर अब लोग दहेज के रुप में बहू को ही ले रहे हैं। हरियाणा के भिवानी में धनाना के सरपंच ने भी दहेज को त्यागकर एक बड़ी मिशाल पेश की है। उन्होंने अपने बेटे की शादी में 11 लाख का दहेज वापस लौटा दिया और एक रुपये शगुन के रुप में लिया।

यह मामला भिवानी जिले के ऐतिहासिक गांव धनाना द्वितीय का है. यहां के सरपंच वेदपाल जांगड़ा ने अपने बेटे विकास जांगड़ा की शादी भिवानी शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी दीपांशी से तय की है. शादी से पहले लग्न की रस्म आयोजित की गई थी. इस दौरान लड़की पक्ष अपनी इच्छा से सोने के आभूषण और 11 लाख रुपये नकद लेकर पहुंचा था. लेकिन सरपंच और उनके परिवार ने इसे लेने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें दहेज नहीं चाहिए और यह रिश्ता सिर्फ एक रुपये के शगुन में ही होगा.

सरपंच वेदपाल जांगड़ा ने कहा कि एक पिता अपनी बेटी को बड़ी मेहनत से पढ़ाता-लिखाता है और प्यार से उसका पालन-पोषण करता है. ऐसे में शादी के समय उस पर दहेज का बोझ डालना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि जब कोई पिता अपनी बेटी हमें सौंपता है, तो वह अपना सब कुछ दे देता है. परिवार का उद्देश्य अपनी बहू को बेटी की तरह रखना और उसे कभी किसी तरह की परेशानी नहीं होने देना है.

दीपांशी के पिता वीरेंद्र नारायण ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उनकी बेटी का रिश्ता ऐसे परिवार में हुआ है, जिसने दहेज लेने से मना कर दिया. उन्होंने बताया कि वे अपनी इच्छा से गहने और नकदी देना चाहते थे, लेकिन लड़के वालों ने इसे स्वीकार नहीं किया.

इस शादी में पहुंचे बवानीखेड़ा से भाजपा विधायक कपूर वाल्मीकि ने सरपंच की पहल को सराहनीय बताया. उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा के कारण गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए कर्ज तक लेना पड़ता है. उन्होंने बताया कि उन्होंने भी अपने भतीजे की शादी एक रुपये में की थी. यह पहल समाज को दहेज जैसी कुप्रथा खत्म करने का अच्छा संदेश देती है.

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles