Weather Update: 18 नवंबर को कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, यूपी में घना कोहरा; जानें दिल्ली का मौसम

18 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश, कई राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट। यूपी में घना कोहरा और दिल्ली-NCR में सुबह धुंध रहने की संभावना।

देशभर में 18 नवंबर को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।

दिल्ली-NCR में दिन के समय आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह धुंध और कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

ओडिशा में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

रायलसीमा और तमिलनाडु में आंधी-बारिश के आसार

आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र के अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 18 नवंबर को मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अंडमान-निकोबार में भी तेज हवाएं चलेंगी

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

दिल्ली-NCR में सुबह धुंध, दिन में साफ रहेगा मौसम

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 18 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय धुंध और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा छा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहने की संभावना है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles