399 स्कूलों में बच्चों ने किया निपुण रामलीला का मंचन

399 स्कूलों में बच्चों ने किया निपुण रामलीला का मंचन
 

6 नवंबर को बाल भवन में आयोजित होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता

हिसार, 05 नवंबर।

निपुण हरियाणा मिशन के तहत शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ गतिविधि आधारित शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से जिले के 399 स्कूलों में निपुण रामलीला का मंचन करवाया गया। हिसार और हांसी के 9 खंडों के 114 कलस्टरों में आयोजित इस गतिविधि में नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अभिनय, संवाद अदायगी और अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यह जानकारी देते हुए जिला परियोजना संयोजक विजेंद्र सिंह ने बताया कि इसी कड़ी में 6 नवंबर को स्थानीय बाल भवन में जिला स्तरीय निपुण रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। इसमें सभी खंडों से चयनित टीमों के बीच मुकाबला होगा। प्रतियोगिता में अग्रोहा, उकलाना ओर हांसी प्रथम खंड की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने बताया कि निपुण हरियाणा मिशन के तहत शिक्षा विभाग की यह अनूठी पहल बच्चों को पारंपरिक शिक्षा के साथ रचनात्मक और गतिविधि आधारित सीखने के अवसर प्रदान कर रही है। रामलीला के मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल अभिनय और संवाद कौशल विकसित हो रहा है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और मंच पर अपनी बात रखने का हुनर भी निखर रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles