पीएम-स्वनिधि योजना के लक्ष्यों को पूरा करने में तेजी लाएं बैंक, लंबित आवेदनों का भी तीव्रता से करें निपटारा : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल

पीएम-स्वनिधि योजना के लक्ष्यों को पूरा करने में तेजी लाएं बैंक, लंबित आवेदनों का भी तीव्रता से करें निपटारा : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल
 

हिसार, 18 नवंबर। 

लघु सचिवालय परिसर में बुधवार को पीएम-स्वनिधि योजना के तहत जिला स्तरीय एवं शहरी स्थानीय निकाय स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित पीएम-स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। 

उन्होंने बैंकों को लंबित आवेदनों की जांच शीघ्र पूरी कर पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि योजना के निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में योजना के अंतर्गत ऋण वितरण की स्थिति, विभिन्न चरणों के लक्ष्यों और बैंकों में लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार ने सितंबर 2025 में पीएम-स्वनिधि योजना का पुनर्गठन करते हुए इसे मार्च 2030 तक विस्तारित किया है। योजना का मुख्य उद्देश्य रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं का वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करना, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अवसर उपलब्ध करवाना है।

बैठक में प्रस्तुत किए गए आंकड़ों के अनुसार जिले में ट्रांच-1 के तहत 19 हजार 724 के लक्ष्य के मुकाबले 11 हजार 310 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है। इसी प्रकार ट्रांच-2 में 9 हजार 863 के लक्ष्य के विरुद्ध 3 हजार 529 तथा ट्रांच-3 में 2 हजार 959 के लक्ष्य के मुकाबले 1 हजार 82 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है। इसके अलावा जिले में 7 हजार 990 स्ट्रीट वेंडर डिजिटल रूप से सक्रिय हैं तथा बैंकों में ट्रांच-1 के 1 हजार 251 आवेदन जांच एवं आगामी कार्रवाई के लिए लंबित हैं। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा कि योजना का लाभ पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं तक पहुंचाने के लिए बैंक और संबंधित विभाग अपनी कार्यप्रणाली में तेजी लाएं। लंबित आवेदनों का समयबद्ध निपटान करने के साथ ऋण वितरण की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने जिला एवं यूएलबी स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटियों की नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि योजना की प्रगति का आकलन कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, एलडीएम हिसार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles