Hisar Crime News: प्रेम प्रसंग के विवाद में दंपती को जिंदा जलाने की कोशिश, इलाज के दौरान पति की मौत; इलाके में सनसनी

जिले के न्यौली कलां गांव में बुधवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के चलते एक व्यक्ति और उसकी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है।
 

<strong>हिसार: </strong>जिले के न्यौली कलां गांव में बुधवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के चलते एक व्यक्ति और उसकी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना में गंभीर रूप से झुलसे पति बलवान की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मीरा और आरोपी रघुबीर भी झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सदर थाना पुलिस ने मृतक के 22 वर्षीय बेटे विशाल के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

<strong>फैक्ट्री में काम के दौरान हुई थी पहचान</strong>

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बलवान अपने परिवार के साथ न्यौली कलां गांव में रहता था। उसकी पत्नी मीरा हिसार के बगला रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं पर उसकी पहचान बिहार निवासी रघुबीर से हुई थी।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद पति बलवान को इस बात की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते परिवार में आए दिन विवाद और कलह रहती थी।

<strong>आधी रात को घर पहुंचा था आरोपी</strong>

बुधवार रात करीब 12 बजे आरोपी रघुबीर चुपचाप महिला के घर पहुंचा। उस वक्त बलवान भी घर पर ही मौजूद था। रघुबीर को अचानक घर में देख दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर रघुबीर ने बलवान और उसकी पत्नी मीरा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

जब आरोपी मौके से भागने लगा, तो झुलसी हालत में भी बलवान ने उसे दबोच लिया। इस दौरान हाथापाई और आग की चपेट में आने से आरोपी रघुबीर भी खुद झुलस गया।

<strong>अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम</strong>

घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर स्वजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण बलवान और मीरा को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जबकि आरोपी रघुबीर को हिसार के नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा रेफर किया गया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से झुलसे बलवान की मौत हो गई।

सदर थाना प्रभारी अमित कुंडू ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे विशाल की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles