लाल डोरा के अंदर मालिकाना हक देने के लिए शुरू होगा विशेष अभियान : उपायुक्त महेंद्र पाल 

लाल डोरा के अंदर मालिकाना हक देने के लिए शुरू होगा विशेष अभियान : उपायुक्त महेंद्र पाल
 

दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए मिलेगा 90 दिन का समय

हिसार, 16 नवंबर। 

 हिसार के लाल डोरा क्षेत्रों में लोगों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। 18 नवंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत पात्र लोगों को नियमानुसार उनकी संपत्तियों के कानूनी मालिकाना हक के प्रमाण-पत्र जारी किए जाएंगे। उपायुक्त महेंद्र पाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस व्यापक अभियान के तहत ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। कोई भी नागरिक अपनी संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा पोर्टल देख सकेंगे। इस पोर्टल पर संपत्ति के मानचित्र एवं मालिकाना हक का विवरण उपलब्ध होगा। संपत्ति के मालिकाना हक से संबंधित प्रविष्टियों पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए निवासियों तथा अन्य प्रभावित व्यक्तियों को 90 दिन का समय भी दिया जाएगा। 

उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप 17 नवंबर को प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा। राजस्व विभाग द्वारा शिकायतों के निवारण के लिए एक टिकटिंग व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, ताकि फील्ड स्तर के कार्यालयों से प्राप्त समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत संपत्तियों से संबंधित दावों एवं शिकायतों के निपटारे के लिए एसओपी जारी की जा चुकी है। इसके तहत संबंधित सहायक कलेक्टर ग्रेड-2 शिकायतों की जांच करेंगे, संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करेंगे, सुनवाई करेंगे तथा उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों पर विचार करने के बाद कारण सहित आदेश पारित करेंगे। गांवों में ग्राम सभाएं भी आयोजित की जाएंगी और व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि लोगों को पूरी प्रक्रिया तथा दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए उपलब्ध 90 दिन की समय-सीमा की जानकारी मिल सके। उन्होंने गांवों में संपत्तियों के भौतिक मानचित्र प्रदर्शित करने तथा आपत्तियां दर्ज कराने में नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से सम्पत्तियों के विवाद का हल होगा और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles