ग्रीन पटाखों की बिक्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट : एडीसी

ग्रीन पटाखों की बिक्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट : एडीसी
 

चारों उपमंडलों में अधिकारियों की टीमें करेंगी निगरानी

ग्रीन पटाखों के लिए स्थान निर्धारित,बिक्री केंद्रों पर फायर ब्रिगेड और सुरक्षा उपकरणों की रहेव्यवस्था

7 व 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 और रात 8 से 10 बजे तक ही चला सकेंगे ग्रीन पटाखे, 9 नवंबर से फिर लागू होगा पूर्ण प्रतिबंध

एडीसी जगनिवास ने अधिकारियों की बैठक में दिए जरूरी निर्देश

झज्जर,

दीपावली पर्व के अवसर पर ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन सजग है। ग्रीन पटाखों की सुरक्षित बिक्री और निर्धारित समय में उनके इस्तेमाल को लेकर अधिकारी सजगता से कार्य करें

यह निर्देश एडीसी जगनिवास ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में दिए। उन्होंने वीसी के माध्यम से सभी एसडीएम और बीडीपीओ के साथ ग्रीन पटाखों को लेकर सुरक्षा प्रबंधों, बिक्री केंद्रों और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों की पालना सुनिश्चित करने के साथ आमजन को भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के प्रति जागरूक किया जाए।

एडीसी ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार 7 और 8 नवंबर को केवल सीएसआईआर-नीरी से अनुमोदित ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति होगी। इनके इस्तेमाल के लिए सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के अलावा पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी। पटाखों की बिक्री 6 नवंबर तक होगी वहीं 9 नवंबर से पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध दोबारा प्रभावी हो जाएगा।

ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित,अन्य जगह बिक्री पर रोक

एडीसी जगनिवास ने बताया कि जिला में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित केंद्र बनाए गए हैं। झज्जर में महर्षि दयानंद खेल स्टेडियम, कहाडी रोड नजदीक पुलिस स्टेशन माछरौली, खेल स्टेडियम मातनहेल,खेल स्टेडियम जटवाड़ा,बहादुरगढ़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, गोल मार्किट ग्राम पंचायत सांखोल,बादली में पंचायती भूमि, नजदीक रामसर जोहड़ बादली, तथा बेरी में भागलपुरी चौक स्थित खेल स्टेडियम में ग्रीन पटाखे की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन्ही निर्धारित स्थानों पर ग्रीन पटाखों की बिक्री होगी। केवल सीएसआईआर-नीरी से अनुमोदित ग्रीन पटाखों की ही बिक्री 6 नवम्बर 2026 तक होगी। निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी पटाखों की बिक्री नहीं होगी और ऑनलाइन खरीद-फरोख्त पर भी प्रतिबंध रहेगा। अवैध पटाखों की बिक्री किसी सूरत में ना हो,इसके लिए अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें।

बिक्री केंद्रों पर फायर ब्रिगेड और सुरक्षा उपकरण रहेंगे उपलब्ध

एडीसी ने बताया कि सभी निर्धारित बिक्री केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इन केंद्रों पर फायर ब्रिगेड, आग बुझाने के आवश्यक उपकरण और अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रहेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिक्री केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

चारों उपमंडलों में एसडीएम की निगरानी में काम करेंगी संयुक्त टीमें

एडीसी जगनिवास ने बताया कि झज्जर, बहादुरगढ़, बादली और बेरी उपमंडलों में संयुक्त निरीक्षण एवं गश्ती टीमें गठित की गई हैं। संबंधित एसडीएम अपने-अपने उपमंडलों में इन टीमों के कार्यों की निगरानी करेंगे और पटाखों की बिक्री एवं इस्तेमाल से जुड़े नियमों की पालना सुनिश्चित करवाएंगे। इन टीमों में पुलिस अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, बीडीपीओ, नगर निकायों, अग्निशमन विभाग तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी शामिल हैं। टीमें निर्धारित बिक्री केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ ग्रीन पटाखों के क्यूआर कोड की रैंडम जांच करेंगी। अवैध अथवा पारंपरिक पटाखे मिलने पर उन्हें जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में 300 मीटर के दायरे तक पटाखे चलाने पर रोक

एडीसी ने बताया कि अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शिक्षण संस्थानों और अधिसूचित शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे में नो-क्रैकर जोन निर्धारित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में पटाखों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिक्री केंद्रों पर आवश्यक दिशा-निर्देशों वाले बैनर लगाए जाएं और दुकानदार अपनी दुकान में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की प्रति प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करें।

नियमों की अवहेलना पर सुरक्षा राशि होगी जब्त, लाइसेंस भी होगा रद्द

एडीसी ने कहा कि पटाखा निर्माताओं एवं व्यापारियों से निर्धारित मौद्रिक सुरक्षा राशि जमा करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सुरक्षा राशि जब्त करने के साथ संबंधित व्यापारी का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्यावरण और आमजन की सुरक्षा से जुड़े इन आदेशों की पालना में किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाए ।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles