बाल महोत्सव में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, कला और आत्मविश्वास से जीता सबका दिल

बाल महोत्सव में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, कला और आत्मविश्वास से जीता सबका दिल
 

एसडीएम रवि मीणा ने बाल कलाकारों का बढ़ाया उत्साह, कहा पढ़ाई के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले विद्यार्थी

बाल कलाकारों को दिया सफलता का मंत्र, अनुशासन और निरंतर मेहनत को बताया कामयाबी की कुंजी

झज्जर, 05 नवंबर।

जिला मुख्यालय स्थित बाल भवन परिसर  में इन दिनों बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कोई अपनी कला से रंग भर रहा है तो कोई नृत्य और देशभक्ति की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह रहा है। मौका है डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में आयोजित चार दिवसीय बाल महोत्सव-2026 का, जहां जिलाभर के नन्हे कलाकार पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार को एसडीएम झज्जर रवि मीणा ने बाल भवन पहुंचकर विभिन्न प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया और प्रतिभागी बच्चों की हौसला अफजाई की। जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने एसडीएम रवि मीणा का स्वागत किया।

<strong>हर बच्चे में छिपी है एक खास प्रतिभा, जरूरत है उसे मंच देने की</strong> एसडीएम रवि मीणा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। बाल महोत्सव जैसे आयोजन उस प्रतिभा को पहचानने, निखारने और सामने लाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत हासिल करना अच्छी बात है, लेकिन पूरे जोश, लगन और मेहनत के साथ भाग लेना भी अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। हार-जीत से घबराने के बजाय प्रत्येक प्रतियोगिता को सीखने और आगे बढ़ने के अवसर के रूप में लेना चाहिए।

<strong> बच्चों को  मेहनत और अनुशासन का दिया मंत्र</strong> बाल भवन के खुशनुमा माहौल को देखकर एसडीएम ने अपने बचपन की यादें भी विद्यार्थियों के साथ साझा कीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें अपनापन महसूस हो रहा है और बचपन के दिन फिर से याद आ गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, निरंतर मेहनत और समय का सदुपयोग ही सफलता की मजबूत नींव हैं। बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और हर अवसर से कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए।

<strong>थाली सज्जा से लेकर देशभक्ति की प्रस्तुतियों तक दिखा हुनर</strong> बाल महोत्सव 2026 के तीसरे दिन गुरुवार को थाली सज्जा, कलश सज्जा, पोस्टर मेकिंग, ऑन द स्पॉट स्केचिंग, भाषण, समूह नृत्य और देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल और मंचीय प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

<strong>700 बच्चों ने लिया हिस्सा, आज होगा महोत्सव का समापन</strong> जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने बताया कि शुक्रवार 6 नवंबर को चार दिवसीय बाल महोत्सव का समापन होगा। इसमें जिला के विभिन्न स्कूलों के लगभग 700 बच्चे भाग ले रहे हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे, जबकि फैंसी ड्रेस, सोलो सांग,क्ले मॉडलिंग, भाषण, कलश सजावट, फन गेम, हैंडराइटिंग और रंगोली जैसी निर्धारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 14 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।  कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवक्ता संजय शर्मा और निशा रानी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर हसला प्रधान कुलदीप नेहरा, कार्यक्रम अधिकारी अक्षमा रानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles