प्रदूषण फैलाने वालों पर प्रशासन का शिकंजा, दिन-रात होगी निगरानी : डीसी
**कूड़ा, पराली और प्लास्टिक वेस्ट जलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पंचायती भूमि पर प्रदूषण फैलाने वालों को भी नहीं मिलेगी छूट
डीसी वर्षा खांगवाल के अधिकारियों को सख्त निर्देश, प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही बरतने वालों की तय होगी जिम्मेदारी
झज्जर, 10 अक्टूबर** एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर झज्जर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिला की सीमा में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। कूड़ा-कचरा, पराली और प्लास्टिक वेस्ट जलाने की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए गठित टीम दिन के साथ-साथ रात में भी निगरानी रखें, ताकि खुले में कचरा जलाने और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली अन्य गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदूषण संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें और अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण के माध्यम से स्थिति पर नजर रखें। खुले में कूड़ा और प्लास्टिक वेस्ट जलाने पर रहेगी पैनी नजर डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सड़कों, खाली प्लॉटों और अन्य खुले स्थानों पर कूड़ा-कचरा, पराली तथा प्लास्टिक वेस्ट जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। संबंधित विभाग अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करें और ऐसी गतिविधियां सामने आने पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने सड़कों पर धूल-मिट्टी उड़ने से रोकने के लिए भी प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए, ताकि वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करें। केवल शिकायतों पर कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए संभावित प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में भी नियमित जांच की जाए, जिससे प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। पंचायती भूमि पर प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई डीसी ने पंचायती भूमि पर प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) को अपने-अपने ब्लॉक में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायती भूमि पर कूड़ा डालने, उसे जलाने या अन्य किसी भी प्रकार से प्रदूषण फैलाने की गतिविधि पाए जाने पर संबंधित भूमि उपयोगकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्यावरण संरक्षण के नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए। पंचायत स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया जाए। एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में करेंगे नियमित निगरानी डीसी वर्षा खांगवाल ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपायों की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए गठित टीमें सक्रिय रहें और दिन-रात जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखें। डीसी ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्रों में प्रदूषण की रोकथाम के लिए पूरी गंभीरता से काम करें और शिकायतों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ आमजन की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग और प्रभावी निगरानी के माध्यम से ही जिला झज्जर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के प्रयासों को सफल बनाया जा सकता है।