कोहरे और रात के समय सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण न हों दुर्घटनाएं : डीसी

कोहरे और रात के समय सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण न हों दुर्घटनाएं : डीसी
 

कटरा एक्सप्रेस-वे, केएमपी, नेशनल व स्टेट हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश, सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करें अधिकारी

सर्दी के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने, ब्लिंकर सक्रिय रखने और सूचनात्मक बोर्ड लगाने के आदेश

झज्जर, 25 नवंबर 

सर्दी के मौसम में कोहरे और रात के समय सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि झज्जर जिला से होकर गुजरने वाले कटरा एक्सप्रेस-वे, कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे, नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे सहित सभी प्रमुख सड़कों पर कोई भी वाहन अवैध रूप से खड़ा न रहने दिया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन विशेषकर कोहरे और रात के समय दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि सड़कों पर यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

डीसी वर्षा खांगवाल ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क सुरक्षा के सभी प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने और ब्लिंकर सक्रिय रखने के निर्देश

डीसी ने कहा कि जिला की सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि कोहरे और रात के समय वाहन चालकों को सड़क की सीमा स्पष्ट दिखाई दे सके। उन्होंने सड़कों पर लगे ब्लिंकर को सक्रिय रखने तथा आवश्यक स्थानों पर सूचनात्मक और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर दुर्घटना संभावित स्थानों, मोड़ और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। संबंधित विभाग नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करें और जहां भी सड़क सुरक्षा से संबंधित कमी दिखाई दे, उसे तुरंत दूर किया जाए।

सड़क पर पशुओं के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए रहें सतर्क

डीसी वर्षा खांगवाल ने शहरी निकायों, ग्रामीण क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों तथा पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि सड़कों पर पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर घूमने वाले पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए और संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों की पालना तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क पर मौजूद सभी संभावित खतरों को दूर करना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखें और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर तुरंत आवश्यक कदम उठाएं।

‘म्हारी सड़क’ एप पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें

डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘म्हारी सड़क’ एप पर दर्ज होने वाली शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एप पर किसी भी प्रकार की पेंडेंसी नहीं रहनी चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें, ताकि आमजन को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

डीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य करें। सर्दी के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की नियमित निगरानी की जाए और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित की जाए।

यह रहे मौजूद

इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ अभिनव सिवाच, एसीपी अखिल, पीडब्ल्यूडी झज्जर सुमित कुमार, पीडब्ल्यूडी बहादुरगढ राहुल शर्मा, डीईओ रतींद्र सिंह, सीएमओ डॉ मंजू, एडीटीओ राजेश मलिक, एक्सईएन जनस्वास्थ्य अश्वनी सांगवान सहित सम्बंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles