ग्रेप-3 की पाबंदियां हटी, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण में ढिलाई नहीं बरतें विभाग : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने ग्रेप1 व 2 को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
झज्जर, 18 नवंबर
एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तीसरे चरण की पाबंदियां हटने के बावजूद ग्रेप-1 और ग्रेप-2 के तहत निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशानुसार 20 नवंबर 2026 तक धूल उत्पन्न करने वाली तोड़फोड़ गतिविधियों और खुले में निर्माण कार्यों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। डीसी वर्षा खांगवाल ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को इन निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित छूट वाली गतिविधियों को छोड़कर प्रतिबंधित निर्माण एवं तोड़फोड़ कार्य किसी भी स्थिति में नहीं होने चाहिए। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रेप-3 की पाबंदियां हटने का अर्थ यह नहीं है कि प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में किसी प्रकार की ढिलाई बरती जाए। सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखें।
निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर रहेगी विशेष निगरानी
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 20 नवंबर तक प्रतिबंधित निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। प्रतिबंधों की प्रभावी पालना के लिए पर्याप्त कर्मचारियों और मशीनरी की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।
औद्योगिक इकाइयों और प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
डीसी वर्षा खांगवाल ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, बहादुरगढ़ को औद्योगिक इकाइयों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक उत्सर्जन, वाहनों से निकलने वाले धुएं, सड़कों की धूल तथा खुले में कूड़ा-कचरा और बायोमास जलाने की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए। प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाली औद्योगिक इकाइयों और व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
एंटी स्मॉग गन और पानी के छिड़काव से होगा धूल नियंत्रण
डीसी ने बताया कि सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग और संबंधित एजेंसियों द्वारा एंटी स्मॉग गन तथा पानी के टैंकरों के माध्यम से छिड़काव कराया जा रहा है। झज्जर, बहादुरगढ़ और बेरी में नियमित रूप से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि धूल के कण हवा में न फैलें। उन्होंने निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के आवश्यक उपाय अपनाने तथा खुले में कूड़ा-कचरा और फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करने के साथ जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज करवाई जाए।
प्रदूषण नियंत्रण में नागरिक भी निभाएं अपनी जिम्मेदारी
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) अपडेट रखें, रेड लाइट पर वाहन का इंजन बंद करें और वाहनों का नियमित रखरखाव करवाएं। खुले में कूड़ा-कचरा न डालें और न ही उसे जलाएं। अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
