Manu Bhaker News: हरियाणा की बेटी मनु भाकर को मिली बड़ी वैश्विक जिम्मेदारी, अब दुनिया भर के शूटर्स की उठाएंगी आवाज!
<strong>झज्जर।</strong> भारतीय निशानेबाजी और हरियाणा के लिए एक बेहद गौरवशाली और ऐतिहासिक पल सामने आया है। पेरिस ओलिंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रचने वाली, जिले के छोटे से गांव गोरिया की बेटी मनु भाकर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुनिया भर के निशानेबाजों की आवाज बनेंगी।
उन्हें अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की एथलीट समिति के 2026-2030 कार्यकाल के लिए सदस्य चुना गया है। इस प्रतिष्ठित वैश्विक जिम्मेदारी को संभालने के साथ ही मनु भाकर इस समिति में स्थान पाने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उल्लेखनीय है कि भारतीय निशानेबाजी के इतिहास में इससे पहले दिग्गज ओलिंपिक पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने 2010 से 2020 तक आईएसएसएफ एथलीट समिति में अपनी सेवाएं दी थीं और 2014 से 2018 तक इसके अध्यक्ष भी रहे थे।
<strong>भारतीय खेल जगत के लिए मील का पत्थर</strong>
अब अभिनव बिंद्रा के बाद मनु भाकर का इस प्रतिष्ठित समिति में सर्वाधिक वोटों के साथ चुना जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक और बड़ा मील का पत्थर है। महिला निशानेबाजों के वर्ग में यह भारत के लिए एक अभूतपूर्व उपलब्धि है, जो वैश्विक खेल प्रशासन में भारतीय खिलाड़ियों के बढ़ते प्रभाव और नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है।
राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआइ) ने मनु भाकर के इस ऐतिहासिक चयन की जानकारी दी। बता दे कि दुनिया भर के विभिन्न देशों के सक्रिय निशानेबाजों द्वारा मतदान के माध्यम से इस समिति के सदस्यों का चुनाव किया गया है।
<strong>पिता ने जताया गर्व</strong>
बेटी की इस अंतरराष्ट्रीय कामयाबी पर परिवार और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है। मनु के पिता राम किशन भाकर ने अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि चुनाव में कुल 10 उम्मीदवारों में से 9 सदस्यों का चयन होना था।
अब तक प्राप्त सूचना के मुताबिक, दुनिया भर के खिलाड़ियों के मतदान में सबसे ज्यादा वोट मनु भाकर को ही प्राप्त हुए हैं, जो न केवल परिवार बल्कि पूरे देश के लिए अत्यंत गर्व की बात है।
<strong>माटी से वैश्विक पटल तक का सफर और नेतृत्व</strong>
झज्जर के गोरिया गांव से ताल्लुक रखने वाली मनु भाकर की यह उपलब्धि ग्रामीण परिवेश से निकलकर वैश्विक खेल प्रशासन के शीर्ष पर पहुंचने की एक प्रेरणादायक मिसाल है।
पेरिस ओलिंपिक 2024 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीतकर भारत के इतिहास में एक ही ओलिंपिक में दो पदक जीतने वाली वह पहली खिलाड़ी बनी थीं। अब मैदान पर अपने सटीक निशाने का लोहा मनवाने के बाद, वह खेल प्रशासन के नीतिगत मंच पर भी भारत का गौरव बढ़ाने जा रही हैं।
बता दें कि आईएसएसएफ की एथलीट समिति अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी के प्रशासन और खिलाड़ियों के बीच एक मुख्य कड़ी के रूप में कार्य करती है। मनु भाकर का चयन इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि अब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर खिलाड़ियों की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को प्रमुखता से रखेंगी।
