संत शिरोमणि पंडित जानकी प्रसाद शर्मा की स्मृति में संत गरीबदास महाराज की वाणी के तीन दिवसीय अखंड पाठ का शुभारंभ
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पूरे परिवार के साथ की शिरकत, बड़ी संख्या में पहुंचे साधु-संत और श्रद्धालु
धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा सहित परिवार के सदस्यों ने संत-महापुरुषों का लिया आशीर्वाद
12 नवंबर को अखंड पाठ के समापन पर होगा विशाल भंडारा, श्रद्धालु ग्रहण करेंगे प्रसाद
दादाजी के आदर्श और संस्कार हमारे परिवार की अमूल्य धरोहर, जनसेवा के लिए करते हैं प्रेरित : डॉ. अरविंद शर्मा
झज्जर, 10 नवंबर।
हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के दादाजी परम पूज्य संत शिरोमणि पंडित जानकी प्रसाद शर्मा की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम के तहत मंगलवार को संत गरीबदास महाराज की पावन वाणी के तीन दिवसीय अखंड पाठ का श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा सहित पूरे परिवार के साथ धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया और संत-महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने शिरकत की। संत गरीबदास महाराज की अमृतमयी वाणी के पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन 12 नवंबर को होगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उनके पूजनीय दादाजी संत शिरोमणि पंडित जानकी प्रसाद शर्मा का संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक चिंतन, समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा समाज को सत्य, सादगी, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी पुण्य स्मृति में परिवार द्वारा हर वर्ष संत गरीबदास महाराज की पावन वाणी के अखंड पाठ का आयोजन किया जाता है। यह धार्मिक परंपरा न केवल परिवार को अपने पूर्वजों के आदर्शों से जोड़ती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कारों से परिचित करवाने का अवसर प्रदान करती है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संत गरीबदास महाराज की वाणी मानव जीवन को सही दिशा देने वाली अनमोल आध्यात्मिक धरोहर है। उनकी शिक्षाओं में मानवता, समानता, आपसी प्रेम, भाईचारे और समाज कल्याण का संदेश समाहित है। संत-महापुरुषों ने हमेशा जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा दी है। आज के समय में संतों की शिक्षाएं और भी प्रासंगिक हैं, क्योंकि समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास को मजबूत बनाने के लिए आध्यात्मिक मूल्यों का अनुसरण बेहद जरूरी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनके दादाजी द्वारा दिए गए संस्कार और आदर्श पूरे परिवार के लिए अमूल्य धरोहर हैं। परिवार का प्रत्येक सदस्य उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा और मानव कल्याण के कार्यों में योगदान देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सच्ची प्रभु सेवा है। जरूरतमंदों की सहायता करना, समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाना और दूसरों के सुख-दुख में सहभागी बनना ही संत-महापुरुषों की शिक्षाओं का वास्तविक अनुसरण है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संत गरीबदास महाराज की वाणी केवल आध्यात्मिक ज्ञान का स्रोत ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाती है। संतों की शिक्षाएं मनुष्य को अहंकार, भेदभाव और कुरीतियों से दूर रहकर सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि परिवार द्वारा वर्षों से निभाई जा रही इस धार्मिक परंपरा को आगे भी इसी श्रद्धा और समर्पण के साथ जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचे साधु-संतों ने संत गरीबदास महाराज की वाणी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को सत्य, भक्ति, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, उनकी धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा और परिवार के अन्य सदस्यों ने साधु-संतों का आदर-सत्कार किया तथा उनका आशीर्वाद लिया।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और हमारी समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी से समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और मानव सेवा की भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
<strong>12 नवंबर को अखंड पाठ का समापन, विशाल भंडारे का होगा आयोजन</strong>
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि संत शिरोमणि पंडित जानकी प्रसाद शर्मा की पुण्य स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय अखंड पाठ का समापन 12 नवंबर, बृहस्पतिवार को होगा। इस अवसर पर संत-महापुरुषों के सान्निध्य में धार्मिक कार्यक्रम तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संत गरीबदास महाराज की पावन वाणी का श्रवण करने, संत-महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त करने और भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे परिवार के लिए श्रद्धा, संस्कार और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है।
