वीर बंदा बैरागी की गौरव गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज का दायित्व : उषा प्रियदर्शी
**महिलाओं और माताओं को सामाजिक आयोजनों में अग्रिम स्थान देने का किया आह्वान
नशे और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बच्चों को बचाने पर दिया जोर
बैरागी समाज की एकजुटता और संगठन की सराहना, युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने का आह्वान
झज्जर में वीर बंदा बैरागी जयंती समारोह आयोजित**
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने कहा कि वीर बंदा बैरागी का जीवन और उनका संघर्ष पूरे समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। उनके योगदान और गौरव गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। समाज की जिम्मेदारी केवल सरकारी व्यवस्थाओं पर निर्भर रहना नहीं, बल्कि अपने बच्चों को देश के इतिहास, महापुरुषों के बलिदान और भारतीय संस्कारों से परिचित करवाना भी है। वे रविवार को झज्जर में आयोजित वीर बंदा बैरागी जयंती समारोह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने बैरागी समाज की एकजुटता और संगठनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए समाज के प्रतिनिधियों से सामाजिक सरोकारों को मजबूत बनाने तथा आने वाली पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का आह्वान किया। महिलाओं और माताओं को सामाजिक आयोजनों में दें अग्रिम स्थान चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने समाज के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि भविष्य में आयोजित होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों और समारोह में महिलाओं, बहनों और माताओं को अग्रिम स्थान दिया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी भागीदारी किसी भी समाज की प्रगतिशील सोच का परिचायक है। सामाजिक आयोजनों में महिलाओं को उचित स्थान देकर उनके सम्मान और योगदान को पहचान मिलती है। उन्होंने बैरागी समाज के प्रदेशाध्यक्ष शिव पवार की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न जिलों में संगठन को मजबूत करना और जिला स्तर पर प्रतिनिधियों को एक सूत्र में पिरोना महत्वपूर्ण कार्य है। इसी आपसी सहयोग और एकता से समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
<strong>वीर बंदा बैरागी की गौरव गाथा बच्चों तक पहुंचाना जरूरी</strong> चेयरपर्सन ने कहा कि महापुरुषों के योगदान को याद करने के साथ उनकी वीरता, संघर्ष और बलिदान की कहानियां बच्चों को पढ़ाई और सुनाई जानी चाहिए। नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास की जानकारी होगी, तभी उनमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को आधुनिक शिक्षा और अंग्रेजी भाषा सीखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं, लेकिन इसके साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों की शिक्षा देना भी उतना ही आवश्यक है। केवल शैक्षणिक डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों का अच्छा इंसान बनना और परिवार व समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझना भी जरूरी है।
<strong>नशे और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बच्चों को बचाने में अभिभावक निभाएं जिम्मेदारी</strong> उषा प्रियदर्शी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचाना परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभिभावकों को बच्चों की दिनचर्या, संगति और ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान देने के साथ उन्हें भारतीय संस्कारों, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवन शैली के प्रति प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें सही दिशा देना विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी है। समाज की बुराइयों को दूर करने के लिए प्रत्येक परिवार और नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
<strong>भारतीय संस्कारों से मजबूत होगी विकसित भारत की नींव</strong> उषा प्रियदर्शी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए युवाओं को शिक्षित बनाने के साथ उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि माता-पिता और समाज को बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण पर निरंतर ध्यान देना चाहिए। जब युवा आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कारों और नैतिक मूल्यों को भी अपनाएंगे, तभी वे अपने परिवार का नाम रोशन करने के साथ राष्ट्र की प्रगति में सार्थक योगदान दे सकेंगे। समाज की एकजुटता और महापुरुषों की विरासत को आगे बढ़ाना हमारा दायित्व : कैप्टन योगेश बैरागी समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी ने कहा कि वीर बंदा बैरागी का जीवन और उनका संघर्ष पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। उनके आदर्शों और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज को एकजुटता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए संगठन को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के योगदान से परिचित करवाना जरूरी है। बच्चों को अच्छे संस्कार देना और उन्हें समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर बैरागी समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र पलवल, प्रदेश उप प्रधान करण सिंह, कुलदीप सिंह, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के सदस्य, सेवानिवृत्त डीएसपी बसंत स्वामी, भूप सिंह स्वामी सहित समाज के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
