नरवाना में 171 करोड़ की परियोजनाएं, एक साल में बदलेगी सूरत?
नरवाना, 17 अक्तूबर /नरवाना के ताजा समाचार वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र जेठी के साथ
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि नरवाना में विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। सरकार द्वारा मंजूर सैकड़ो करोड रुपए की विकास परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा होने पर इलाका तरक्की के डगर पर चमकता नजर आएगा। क्षेत्र में शहर, गांव व ढाणियों तक बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार जारी है और उनके पूरा होने पर अगले एक वर्ष में नरवाना को नया स्वरूप व लूक मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को नरवाना स्थित अपने निवास स्थान पर जन समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र से पहुंचे दर्जनों व्यक्तियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात की, उनकी एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी समस्याओं के यथा उचित निवारण के निर्देश दिये। कैबिनेट मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि इलाका की जनता उनके लिए केवल आमजन मानस नहीं है बल्कि उनके परिवार के सम्मानित सदस्य हैं और वे यानी स्वयं कृष्ण कुमार बेदी परिवार के मुखिया है।
उनका संकल्प है कि प्रत्येक क्षेत्रवासी यानी परिवार वासी की एक-एक वाजिब समस्या का तुरंत समाधान हो। सरकार की नीतियों एवं परियोजनाओं का सभी को बराबर फायदा मिले तथा सभी विकास प्रक्रिया के भागीदार बने। लिहाजा सभी जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी इसे गंभीरता से ले और जनसाधारण की सुविधाओं का भरपूर ख्याल रखें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनका प्रयास है कि वर्तमान 5 साल के कार्यकाल में इलाका विकास की नई इबादत की मिसाल बनेगा।
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि विधानसभा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सुधार कार्य चल रहा है। इसके लिए करीब 40 करोड रुपए की लागत से नए खम्बो व बिजली के तारों का जाल बिछाया जा रहा है। इसके अलावा 2 करोड़ 61 लाख रुपए से हुड्डा सेक्टर में नए परिसर का निर्माण, 32 करोड रुपए की लागत से बस स्टैंड के नए भवन का निर्माण तथा 107 करोड रुपए की लागत से 100 बेड क्षमता वाला नागरिक अस्पताल के नए भवन का निर्माण निकट भविष्य में प्रस्तावित है।
कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि नरवाना प्रगति के सफर में प्रदेश के किसी भी इलाका से पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी राजनीति जन सेवा को पूर्ण रूप से समर्पित है और रहेगी। इस अवसर पर पूर्व मंडी प्रधान ईश्वर गोयल, हंसराज समैण, एडवोकेट सुशील नायक, धर्मवीर सेन, सुरेश दनौदा, रमेश बेलरखा, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसवीर नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
