नरवाना मंडियों में धान खरीद: SDM ने दिए ये निर्देश

नरवाना की धमतान साहिब और गढ़ी अनाज मंडियों में SDM जगदीश चंद्र ने धान खरीद, 17% नमी, उठान और किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
 

एसडीएम जगदीश चंद्र ने धमतान साहिब तथा गढ़ी की अनाज मंडियों का निरीक्षण कर धान खरीद प्रक्रिया तथा मंडियों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

नरवाना, 13 अक्तूबर नरेंद्र जेठी

 एसडीएम जगदीश चंद्र ने मंगलवार को उपमंडल के गांव धमतान साहिब तथा गढ़ी स्थित अनाज मंडियों का निरीक्षण कर धान खरीद प्रक्रिया तथा मंडियों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान मार्केट कमेटी सचिव रोशन लाल व नायब तहसीलदार रणवीर सिंह भी मौजूद रहे। एसडीएम ने मंडियों में धान की आवक, खरीद प्रक्रिया, फसल की गुणवत्ता, नमी की मात्रा तथा खरीदी गई धान के उठान की स्थिति की समीक्षा की।

धमतान साहिब अनाज मंडी में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा गढ़ी अनाज मंडी में हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा धान की खरीद की जा रही थी। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों से खरीद कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिये कि निर्धारित सरकारी मानकों एवं नियमानुसार धान की खरीद सुनिश्चित की जाए एसडीएम जगदीश चंद्र ने इस दौरान धान की नमी की जांच भी की।

उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप 17 प्रतिशत नमी वाली धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में निर्धारित नियमों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए तथा किसानों की उपज की खरीद में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिये। एसडीएम ने संबंधित खरीद एजेंसियों एवं परिवहन कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिये कि मंडियों में खरीदी गई धान का उठान निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि उठान कार्य में तेजी लाई जाए तथा इस संबंध में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिये। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिये कि खरीद एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए खरीदी गई धान का समय पर उठान सुनिश्चित करें, ताकि मंडियों में फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहे और किसानों को अपनी उपज मंडी में लाने एवं बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।एसडीएम ने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह साफ करके तथा उचित रूप से सुखाने के बाद ही मंडियों में लेकर आएं। फसल में नमी की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा गुणवत्ता का ध्यान रखने से खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न होगी।

उन्होंने कहा कि किसान निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करें, ताकि उन्हें अपनी उपज की बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसडीएम जगदीश चंद्र ने मार्केट कमेटी सचिव को निर्देश दिये कि उपमंडल की सभी अनाज मंडियों में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल तथा बिजली आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध दुरुस्त रखे जाएं तथा संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि धान खरीद सीजन के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से करें। खरीद, उठान तथा मंडियों में उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखी जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा धान खरीद प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

About the Author

नरेन्द्र जेठी
नरेन्द्र जेठी

9447 Articles