दशहरे पर गांव से धोक मारकर लौट रहा था दंपति, रास्ते में मौत ने छीन ली दोनों की जिंदगी पीछे रह गए दो घायल बच्चे! नरवाना के धरौदी गांव पर टूटा दुखों का पहाड़, पति-पत्नी की दर्दनाक सडक़ हादसे में मौत से गांव में पसरा मातम [नरवाना, 21](https://www.google.com/maps/search/%E0%A4%A8%E0%A4%B0%E0%A4%B5%E0%A4%BE%E0%A4%A8%E0%A4%BE,+21?entry=gmail&source=g) अक्तूबर (विनय जेठी) कभी-कभी जिंदगी कुछ ही पलों में ऐसी करवट लेती है कि हंसता-खेलता परिवार गहरे दुख में डूब जाता है। जिस परिवार में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, आज वहां अपनों को खोने का दर्द और बच्चों के भविष्य की चिंता हर आंख को नम कर रही है। नरवाना क्षेत्र के गांव धरौदी के रहने वाले छबील दास उर्फ शिला और उनकी पत्नी की पंजाब में समाना के पास हुए सडक़ हादसे में मौत हो गई। हादसे में दंपति के दो बच्चे भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया दशहरे पर माथा टेककर निकले थे, घर लौटने से पहले ही छूट गया साथ प्राप्त जानकारी के अनुसार, छबील दास उर्फ शिला सरकारी नौकरी में कार्यरत थे और फिलहाल चंडीगढ़ में नौकरी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दंपति दशहरे के अवसर पर धमतान साहिब में माथा टेकने आए थे। इसके बाद वे गांव धरौदी में परिवार और गांव के लोगों से मिले और फिर बच्चों के साथ पंजाब के रास्ते चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि अपनों से मिलकर निकला यह सफर परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन जाएगा। बताया जा रहा है कि मंगलवार को समाना के पास उनकी कार की एक अज्ञात ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि पति-पत्नी दोनों की जान चली गई, जबकि उनके दो बच्चे घायल हो गए। गांव में शोक की लहर, हर आंख नम दंपति की मौत की खबर गांव धरौदी पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार से मिलकर वे चंडीगढ़ के लिए निकले थे, उसी परिवार में अब मातम छाया हुआ है। गांव के लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। दो बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने की खबर ने हर किसी को भावुक कर दिया है। इस कठिन समय में परिवार के सामने अपनों को खोने का असहनीय दुख है। जानकारी के अनुसार, आज दंपति का पोस्टमार्टम करवाए जाने के बाद उनके पार्थिव शरीर गांव लाए जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। एक हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं और परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। बच्चों सहित पूरे परिवार के लिए यह असहनीय दुख है ।