नरवाना पुलिस की स्कूल में दस्तक, नशे और साइबर ठगी पर चेतावनी

नरवाना के एसडी पब्लिक स्कूल में पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर ठगी और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। जानिए डायल 112 के सही इस्तेमाल की अहम बातें।
 

नशे से दूरी, साइबर ठगी से सतर्कता और आपात स्थिति में डायल 112 का करें सही उपयोग-कमलदीप राणा

एस.डी. पब्लिक स्कूल में पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों को किया नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा बारे जागरूक।

नरवाना, 17 अक्तूबर /नरवाना के ताजा समाचार वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र जेठी के साथ

 पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भा.पु.से. के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा एस.डी. पब्लिक स्कूल नरवाना में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर ठगी से बचाव, महिला सुरक्षा तथा आपातकालीन स्थिति में डायल 112 सेवा के सही उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा, रोटरी क्लब नरवाना के प्रधान दीपक मित्तल, एस.डी. पब्लिक स्कूल नरवाना की प्रिंसिपल श्रीमती अनीता मलिक, नरवाना के लोक गायक संदीप शर्मा साहिल तथा नशा मुक्ति टीम के प्रभारी उप निरीक्षक नरेश कुमार अपनी टीम सहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को करता है प्रभावित :----

पुलिस उप अधीक्षक नरवाना श्री कमलदीप राणा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।

साइबर ठगी से बचने के लिए निजी जानकारी रखें सुरक्षित :-

विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए डीएसपी नरवाना ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी लिंक, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, बैंकिंग फ्रॉड और अन्य माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत किया कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतें। उन्होंने साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील भी की।

महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति रहें जागरूक :- महिला सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी महिला के साथ छेड़छाड़, उत्पीडऩ अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय पुलिस को सूचना देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को महिलाओं के अधिकारों का सम्मान करने तथा जरूरत पडऩे पर पीड़ित व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।

आपात स्थिति में डायल 112 का करें जिम्मेदारी से उपयोग :-

डीएसपी नरवाना ने विद्यार्थियों को डायल 112 आपातकालीन सेवा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस सेवा का सही एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।

  कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, अनुशासन में रहने, शिक्षा एवं खेलकूद में बढ़-चढक़र भाग लेने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने भी नशे से दूर रहने और साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

About the Author

नरेन्द्र जेठी
नरेन्द्र जेठी

9447 Articles