सेवा ज्योति सरकारी योजनाओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम : कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी

सेवा ज्योति सरकारी योजनाओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम : कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी
 

नरवाना, 7 अक्तूबर (विनय जेठी) आज कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने प्रज्वलित सेवा ज्योति को नरवाना स्थित बाबा गैबी साहब मंदिर में स्थापित किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा विषय पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन का वर्चुअल लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई और इसके बाद इसे संबंधित क्षेत्रों में स्थापित किया गया।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि सेवा ज्योति सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न जनकल्याणकारी और जन सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के माध्यम से कस्बों, गांवों और ढाणियों तक पहुंचकर आमजन को सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य सामाजिक सरोकार से संबंधित गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अनेक बार पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं होने के कारण उनके लाभ से वंचित रह जाते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ऐसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने और लाभ लेने के लिए जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोडऩा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक सहित विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के मुख्य विषय को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व पटल पर अपनी पहचान मजबूत की है और आर्थिक क्षेत्र में भी देश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से जनसेवा, जनकल्याण और सरकारी योजनाओं का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना तथा समाज के जरूरतमंद वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोडऩा है। इससे पूर्व जिला स्तरीय सेवा ज्योति यात्रा विषय पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बतौर मुख्य अतिथि भी शिरकत की। इस अवसर पर बाबा गेबी साहब मंदिर के महंत अजय गिरी, रिछपाल शर्मा, हंसराज समैण, बलदेव वाल्मीकि, सुरेश पांचाल, सुरेश दनौदा, गुरलाल सिंह रशीदा, एडवोकेट राजेश शर्मा, भीम दनौदा, सत्यवान शर्मा, सुरेंद्र प्रजापति, मनु छाबड़ा, दिनेश गोयल, विनय मित्तल, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक फकीरचंद, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसवीर नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

About the Author

नरेन्द्र जेठी
नरेन्द्र जेठी

9447 Articles