अंतर-विभागीय क्विज प्रतियोगिता में टीम युधिष्ठिर ने मारी बाजी
नरवाना, 9 अक्तूबर (विनयजेठी) सनातन धर्म महिला महाविद्यालय नरवाना में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजना लोहान के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में आईक्यूएसी के तत्वावधान में कॉमर्स, कंप्यूटर एवं साइंस विभाग द्वारा अंतर-विभागीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता से एक दिन पूर्व विद्यार्थियों का स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के कुल 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस टेस्ट के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 विद्यार्थियों का चयन मुख्य क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया। क्विज प्रतियोगिता का मंच संचालन कॉमर्स विभाग की मोनिका गर्ग द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।
क्विज प्रतियोगिता के आरंभ में कॉमर्स विभाग की मोनिका गर्ग मैडम ने प्रतिभागी टीमों को प्रतियोगिता के पांचों राउंड की विस्तृत जानकारी दी तथा क्विज के नियमों एवं नियमों के पालन की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने सभी टीमों को प्रत्येक राउंड में पूछे जाने वाले प्रश्नों, उत्तर देने की प्रक्रिया एवं अंक प्रदान करने की व्यवस्था के बारे में समझाया । प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने भाग लिया, जिनके नाम टीम युधिष्ठिर, टीम भीम, टीम अर्जुन, टीम नकुल एवं टीम सहदेव रखे गए।
प्रतियोगिता में ब्रांड एवं बिजनेस आईक्यू, विज्ञान एवं अंतरिक्ष, भारत दर्शन, डिजिटल दुनिया एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा करंट अफेयर्स एवं पॉप कल्चर जैसे विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए।सभी टीमों ने प्रतियोगिता में पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और तत्परता के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट सामान्य ज्ञान क्षमता एवं विषयों की समझ का परिचय देते हुए कठिन प्रश्नों का भी शानदार ढंग से सामना किया। कई चरणों में टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और प्रतिभागियों के त्वरित उत्तरों ने प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बना दिया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं में ज्ञान के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रतियोगिता में टीम युधिष्ठिर ने प्रथम स्थान, टीम भीम ने द्वितीय स्थान तथा टीम नकुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों ने अपनी शानदार जानकारी एवं त्वरित उत्तर देने की क्षमता से सभी को प्रभावित किया। प्राचार्या डॉ. अंजना लोहान ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों एवं आयोजक सदस्यों को बधाई दी तथा छात्राओं को इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता ने छात्राओं में ज्ञान, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देने का कार्य किया। इस अवसर पर सुश्री रेखा कोहली, सुमन गर्ग, रुकमणी, डॉ. शालू गर्ग, मोनिका मित्तल, ममता, दीपिका, बिंदिया, रितु, सुजाता, अन्नू, सुमन नेहरा, गौतम गर्ग, निशा, रेनू सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
