कलायत पालिका में भ्रष्टाचार का 'बोलबाला': करोड़ों के विकास कार्यों, टेंडरों और खरीद में धांधली की ACB कर रही जांच
कलायत नगर पालिका पर ACB की नजर, टेंडरों की जांच तेज?
कलायत/तरसेम सिंह
एंटी क्रप्शन ब्यूरो की रडार पर कलायत नगर पालिका पिछले डेढ़ वर्ष से निरंतर पार्षदों व आम लोगों द्वारा उजागर किए जा रहे गोलमाल के मामले
डीमएसी कार्यालय पर कामकाज की समुचित रूप से निगरानी न करने क आरोप
कलायत। कैथल के साथ-साथ कलायत नगर पालिका भी भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर एंटी क्रप्शन ब्यूरो के रडार पर है। इसकी वजह गोलमाल के मामलों का निरंतर उजागर होना है। इसमें सरकारी खजाने से विकास के नाम पर खर्च करोड़ों रुपये की राशि, खरीदे गए संसाधन, सात पार्कों के टेंडर की आड़ मेंं फर्जीवाड़ा, शहर की कच्ची गलियों को पक्का करने की बजाए पालिका कार्यालय सौंदर्यीकरण पर पानी की तरह पैसा बहानेे, प्रभावित क्षेत्रों की दरकिनार कर नेशनल हाईवे पर पहले से निर्मित नालों के बावजूद भी 3 करोड़ के बजट से दोबारा से नाला निर्माण टेंडर, कर्मियों की फरलो बाजी व कुछ दूसरे मामलों की शिकायतें अलग-अलग पटलों पर लंबित मामले शमिल हैं।
इस प्रकार के गंभीर विषयों पर त्वरित कार्यवाही की बजाए जिला नगर आयुक्त कार्यालय भी शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के आदेशों की अनदेखी के आरोपों के घेरे में है। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से क्रमवार इस प्रकार की धांधली के मामले अधिकांश पार्षदों द्वारा उजागर किए जा चुके हैं।
इस कड़ी में कलायत नगर पालिका में लाखों रुपये की कीमत से खरीदे गए ट्रैक्टर की स्थिति सरकारी संसाधनों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस मशीन का इस्तेमाल शहर की सफाई व्यवस्था और जन सुविधाओं को बेहतर बनाने में होना चाहिए। यदि वही जंग और कचरे के बीच खड़ी दिखाई दे तो जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जबकि नगर पालिका द्वारा संसाधनों की सुध लेने की बजाए आनन-फानन में नए ट्रैक्टर-ट्राली, टैंकर, जनरेटर सेेट व कुछ दूसरे उपकरण खरीद लिए जाते हैं।
कलायत में गलियों के निर्माण पर खर्च होने वाले बजट और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर निम्न दर्जे की निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के आरोप सामने आने के बीच गलियों की वास्तविक स्थिति की जांच की मांग महत्वपूर्ण हो गई है। जिन गलियों के निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं वहां बरसात की हल्की बूंदों के बाद ही पैदल चलना मुश्किल क्यों हो जाता है? वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन के पास निर्मित बड़े बजट की मुख्य गली इसका प्रमाण है।
जबकि इस प्रकार की गलियों की सूची और भी लंबी है।यदि निर्माण के कुछ समय बाद ही परेशानी सामने आने लगे तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है। साफ बात है कि गलियों, नालियों और अन्य विकास कार्यों पर खर्च होने वाली राशि का लाभ तभी मिलेगा जब निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हों। इसके लिए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच, कार्यस्थल पर नियमित निरीक्षण और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों को भी हल्के मेंं लेता रहा डीएमसी कार्यालय:
कलायत नगर पालिका के अधीन आने वालेे सात पार्कों की सुरक्षा के लिए पूर्व में जारी किए गए करीब 29 लाख रुपए केे टेंडर कार्य में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते आए हैं। इस मामले में एडीसी की जांच व एसडीएम की निरीक्षण रिपोर्ट पूरी स्थिति को साफ कर चुकी है। खास बात यह है कि वार्ड नंबर 6 पार्षद प्रदीप राणा की शिकायत पर हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने मामले में जिला नगर आयुक्त कैथल से रिपोर्ट और टिप्पणी मांगी थी। विभागीय पत्र के अनुसार निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों ने भी इस मामले मेंं डीएमसी कार्यालय की जवाबदेही के लिए कार्यवाही आगे बढ़ाई। इस संबंध में दी गई शिकायत मेंं आरोप है कि पार्कों की सुरक्षा के नाम पर नगर पालिका को वित्तीय नुकसान पहुंचाते हुए ऐसे भुगतान किए गए जिनके एवज में निर्धारित संख्या में सुरक्षा गार्ड मौके पर तैनात नहीं थे। प्राप्त जानकारी अनुसार एजेंसी को 22 जुलाई 2025 से 22 जुलाई 2026 तक नगर के सात पार्कों की सुरक्षा का कार्य दिया गया था।
गंभीरता से ली जा रही शिकायतेंं:
एंटी क्रप्शन ब्यूरो निरीक्षक सूबे सिंह सैनी ने बताया कि कलायत व जिला भर से शहरी स्थानीय निकाय विभाग के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर जो शिकायतेंं मिल रही हैं उनको गंभीरता से लिया जा रहा है। किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार को नहीं पनपने दिया जाएगा। यदि कोई सरकारी कार्य के नाम पर भ्रष्टाचार करता है तो इसकी शिकायत विभाग को करें।
