कैथल में देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस ने होटल से तीन युवतियां और मैनेजर को पकड़ा
हरियाणा के कैथल में पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। यहां करनाल रोड स्थित कृष्णा होटल पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने रेड की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से तीन युवतियों और होटल मैनेजर को पकड़ा। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी रोहताश ने बताया कि पुलिस को करनाल रोड के पास कृष्णा होटल में देह व्यापार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर डीएसपी रोहताश, सिविल लाइन थाना एसएचओ गीता रानी ने कार्रवाई करते हुए होटल में रेड की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से मैनेजर और तीन युवतियों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि युवतियों को बाहर से होटल में बुलाकर अनैतिक कार्य करवाया जा रहा था और लड़कियों को कमीशन देकर ग्राहकों को पेश किया जा रहा था।
पुलिस होटल मैनेजर समेत सभी युवतियों को थाने लेकर गई। युवतियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि उन्हें पंजाब के अमृतसर और हरियाणा के करनाल से देह व्यापार के लिए बुलाया गया था। फिलहाल पुलिस ने होटल मैनेजर से पूछताछ शुरू कर दिए है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
